
*महिला से छीनी गई सोने की चैन, तमंचा-कारतूस और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद
*आईटीआई जगजीतपुर के पास महिला से हुई चैन स्नैचिंग का खुलासा, स्कूटी गिरने से तीन वर्षीय बच्ची हुई थी घायल
हरि न्यूज
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कनखल पुलिस ने आईटीआई जगजीतपुर के पास महिला से हुई चैन स्नैचिंग की घटना का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छीनी गई सोने की चैन, 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 20 सितंबर 2026 को गणपतिधाम फेस-3, जमालपुर निवासी महिला घरेलू कार्य से हरिद्वार गई थीं। वापस लौटते समय आईटीआई जगजीतपुर, लक्सर रोड के पास बाइक सवार व्यक्ति ने उन्हें स्कूटी रोकने का इशारा किया। महिला द्वारा स्कूटी नहीं रोकने पर आरोपी ने स्कूटी में लात मार दी, जिससे महिला और उनकी तीन वर्षीय पुत्री सड़क पर गिर गईं। इसके बाद आरोपी महिला के गले से सोने की चैन छीनकर फरार हो गया। हादसे में बच्ची के सिर में चोट लगने के कारण परिवार उसके उपचार में व्यस्त रहा। बाद में महिला ने कनखल थाने में तहरीर दी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जानकारी जुटाने के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
पुलिस के मुताबिक 25 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल बाइक सवार व्यक्ति जमालपुर-जियापोता रोड की ओर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मार्ग पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर उसने बाइक पीछे मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार तलाशी में आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और महिला से छीनी गई सोने की चैन बरामद हुई। आरोपी की पहचान कुलदीप कुमार पुत्र बीरबल, निवासी ग्राम रघुनाथपुर, थाना मंडावर, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी के पूर्व में भी चैन स्नैचिंग के मामलों में जेल जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने उसके खिलाफ कनखल, रानीपुर और ज्वालापुर कोतवाली में दर्ज मुकदमों का आपराधिक इतिहास भी बताया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले के खुलासे में उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।
आरोपी से बरामद
– घटना से संबंधित सोने की चैन
– 315 बोर का तमंचा व एक जिंदा कारतूस
– घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
पुलिस टीम में
प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत, व0उ0नि0 मनोज गैरोला, उ0नि0 नरेंद्र सिंह रावत, उ0नि0 देवेंद्र सिंह, अ0उ0नि0 ललित मोहन, हे0का0 जसबीर चौहान, का0 दिगपाल भंडारी, का0 बीरेंद्र चौहान, का0 प्रलव चौहान एवं का0 सुनील चौहान शामिल रहे।
