
*शिक्षा,चिकित्सा,आत्मनिर्भरता एवं सामाजिक सरोकारों को समर्पित संस्था शिव शक्ति सेवा समिति का आज 18वा रक्तदान शिविर का आयोजन शुरू
*लोगों में उमड़ा उत्साह बढ़-चढ़ कर रहे रक्तदान
हरि न्यूज संवाददाता
हरिद्वार। शिक्षा, चिकित्सा, आत्मनिर्भरता एवं सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही शिव शक्ति सेवा समिति की ओर से 18वें रक्तदान शिविर का आयोजन TMR POLY TUBES में किया गया। शिविर में संस्था के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, कर्मचारियों एवं अन्य गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक किया।
रक्तदान शिविर का शुभारंभ शिव शक्ति सेवा समिति के अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, समाजसेविका ममता सेंगर, राजेश बब्बन सहित अन्य गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर अतिथियों ने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को नियमित रूप से रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर देवेंद्र शर्मा ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। अस्पतालों में उपचार के दौरान अनेक मरीजों को तत्काल रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे समय में रक्तदाता का दिया हुआ रक्त किसी परिवार के लिए बड़ी उम्मीद बन जाता है। उन्होंने कहा कि शिव शक्ति सेवा समिति द्वारा सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए लगातार रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं और भविष्य में भी इस तरह के जनसेवा के कार्यक्रम जारी रहेंगे।

समाजसेविका ममता सेंगर ने कहा कि रक्तदान को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है। स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग को विशेष रूप से रक्तदान के प्रति आगे आना चाहिए और समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी लोगों का आभार जताते हुए कहा कि उनकी यह पहल समाज के अन्य लोगों को भी प्रेरणा देगी।

राजेश बब्बन ने कहा कि रक्तदान शिविर जैसे आयोजन समाज में आपसी सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को यह नहीं सोचना चाहिए कि उसके द्वारा किया गया छोटा सा सहयोग महत्वहीन है। समय पर उपलब्ध कराया गया रक्त किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में अहम भूमिका निभा सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।
शिविर के दौरान रक्तदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। रक्तदान करने के लिए लोगों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। आयोजकों द्वारा रक्तदाताओं को रक्तदान के महत्व के संबंध में जानकारी भी दी गई। शिविर में संस्था से जुड़े कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों ने व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिव शक्ति सेवा समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि संस्था शिक्षा, चिकित्सा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। रक्तदान शिविर भी इसी सामाजिक प्रतिबद्धता का हिस्सा है। संस्था का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना और आमजन को सामाजिक कार्यों से जोड़ना है।
समाचार लिखे जाने तक रक्तदाताओं द्वारा उत्साहपूर्वक रक्तदान किया जा रहा था। आयोजकों ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी रक्तदाताओं, अतिथियों, संस्था के पदाधिकारियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
