
*भाई की हत्या का बदला लेने की फिराक में था आरोपी, हरिद्वार में आश्रम लीज पर लेकर होटल चला रहा था
हरि न्यूज
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में कोतवाली नगर हरिद्वार पुलिस ने गश्त के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो 32 बोर की पिस्टल, दो मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने भाई के हत्यारों से बदला लेने की फिराक में था और कथित तौर पर गैंगवार की आशंका के चलते हथियार लेकर घूम रहा था।
पुलिस के मुताबिक 6 सितंबर 2026 को कोतवाली नगर पुलिस टीम चित्रकूट घाट के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर सकपका रहा था। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उसके कंधे पर टंगे पीठू बैग की तलाशी ली गई। बैग से दो 32 बोर की पिस्टल, दो मैगजीन तथा 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पिस्टल और कारतूस रखने के संबंध में पुलिस द्वारा लाइसेंस मांगे जाने पर आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पुलिस को बताया कि वर्ष 2010 में उसके भाई की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से ही वह कथित तौर पर अपने भाई के हत्यारों से बदला लेने के लिए मौके की तलाश में था।
पुलिस के अनुसार आरोपी गैंगवार की आशंका के चलते अप्रैल 2026 में हरिद्वार में एक आश्रम को लीज पर लेकर होटल के रूप में व्यवसाय कर रहा था। इसी दौरान उसे जानकारी मिली कि उसके भाई की हत्या के आरोपी जेल से जमानत पर बाहर आ चुके हैं और हरिद्वार आने वाले हैं। पुलिस का कहना है कि इसी वजह से आरोपी ने हथियारों की व्यवस्था की थी।
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली नगर लाया। मामले में मु0अ0सं0 445/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्त:
मनोज कुमार पुत्र महावीर सिंह, निवासी ग्राम बुडीना कला, थाना तितावी, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश, उम्र 45 वर्ष।
बरामदगी:
दो 32 बोर पिस्टल, दो मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस।
पुलिस टीम में शामिल: प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक गोपाल दत्त भट्ट, उपनिरीक्षक खेमेन्द्र गंगवार, हेड कांस्टेबल प्रदीप पंवार तथा हेड कांस्टेबल गुलशन नेगी शामिल रहे।
