
भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप के समक्ष हुआ शंखनाद, आचार्य ने सुनाया श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का प्रसंग
हरि न्यूज
देहरादून। विश्वगुरु शंकराचार्य दशनाम गोस्वामी समाज के प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी प्रदीप गिरि गोस्वामी के निज निवास पर श्री वृन्दावन बाँके बिहारी मंदिर के मुख्य सेवायत एवं प्रमुख श्रृंगारिया आचार्य ज्ञानेंद्र किशोर गोस्वामी ने पधारकर गुरु कृपा एवं आध्यात्मिक आशीर्वाद प्रदान किया। आचार्य ज्ञानेंद्र किशोर गोस्वामी के आगमन से परिवार एवं उपस्थित श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप के समक्ष आचार्य ज्ञानेंद्र किशोर गोस्वामी ने विधिवत शंखनाद कर पूजा-अर्चना की और सभी के सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की। प्रदीप गिरि गोस्वामी ने आचार्य जी का पटका एवं माला पहनाकर श्रद्धापूर्वक स्वागत और अभिनंदन किया।

आचार्य ज्ञानेंद्र किशोर गोस्वामी ने उपस्थित लोगों को भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य बाल लीलाओं का वर्णन करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं केवल आनंद और भक्ति का ही संदेश नहीं देतीं, बल्कि मनुष्य को प्रेम, करुणा, सरलता और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा भी प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्री बाँके बिहारी जी की भक्ति और गुरुजनों का आशीर्वाद जीवन को आध्यात्मिक दिशा प्रदान करता है।
इस दौरान प्रदीप गिरि गोस्वामी ने कहा कि पूज्य गुरुदेव आचार्य ज्ञानेंद्र किशोर गोस्वामी के शुभ दर्शन एवं पावन आशीर्वाद प्राप्त कर वे स्वयं को धन्य एवं सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संत-महात्माओं का सानिध्य और आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है।
उन्होंने प्रार्थना करते हुए कहा कि श्री बाँके बिहारी जी महाराज की कृपा एवं पूज्य गुरुदेव का आशीर्वाद सदैव परिवार और समाज पर बना रहे तथा सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आध्यात्मिक उन्नति आए।
इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी आचार्य ज्ञानेंद्र किशोर गोस्वामी का आशीर्वाद प्राप्त किया और भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति एवं धर्म-संस्कृति के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
