
हरि न्यूज/अजय कुमार
देहरादून/रायवाला। रायवाला क्षेत्र में हाट के सामने स्थित व्यस्त चौराहे पर खराब ट्रैफिक व्यवस्था, बार-बार खराब होने वाली रेड लाइट तथा सड़क निर्माण में कथित रूप से घटिया सामग्री के प्रयोग को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। इस संबंध में अखिल भारतीय वाल्मीकि महापंचायत के प्रदेश महासचिव एवं रायवाला के पूर्व ग्राम प्रधान श्री अनिल पिवाल ने अपने साथियों के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए रायवाला थाने में FIR दर्ज करने के लिए तहरीर दी है।
अनिल पिवाल ने आरोप लगाया कि हाट के सामने स्थित उक्त चौराहा अत्यंत व्यस्त क्षेत्र में आता है और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ा होने के कारण यहां दिनभर भारी संख्या में वाहनों की आवाजाही रहती है। उन्होंने कहा कि कई बार चौराहे पर लगी ट्रैफिक सिग्नल व्यवस्था एवं रेड लाइट खराब हो जाती है, जिससे वाहनों का संचालन व्यवस्थित रूप से नहीं हो पाता और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था के कारण इस क्षेत्र में कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें लोगों को जान-माल का नुकसान उठाना पड़ा है। उनका कहना है कि संबंधित विभाग एवं NHAI अधिकारियों द्वारा इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है।
पूर्व ग्राम प्रधान अनिल पिवाल ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में कथित रूप से घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया, जिसके कारण सड़क कई स्थानों से टूट गई है। सड़क पर बने गहरे गड्ढे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए खतरा बने हुए हैं तथा इन गड्ढों के कारण कई लोग दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं।
उन्होंने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि जिन लोगों को उक्त स्थान पर सड़क की खराब स्थिति अथवा ट्रैफिक व्यवस्था के कारण किसी प्रकार की दुर्घटना या जान-माल की क्षति हुई है, वे भी आगे आकर अपनी शिकायत रायवाला थाने में दर्ज कराएं और अपने बयान दर्ज कराएं।
अनिल पिवाल ने कहा कि प्रभावित लोगों की शिकायतों और बयानों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा सके और पीड़ितों को नियमानुसार उचित मुआवजा मिल सके।
स्थानीय लोगों ने भी चौराहे की ट्रैफिक व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने, खराब रेड लाइटों को ठीक कराने तथा क्षतिग्रस्त सड़क की गुणवत्ता की जांच कर आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है।
