
हरि न्यूज/अजय कुमार
हरिद्वार। भेल कंपनी के आसपास वन्यजीवों की आवाजाही कोई नई बात नहीं है। राजाजी टाइगर रिजर्व से सटे क्षेत्र होने के कारण यहां आए दिन हाथी, नीलगाय और कभी-कभी तेंदुए जैसे वन्यजीव दिखाई देते रहते हैं। लेकिन उस समय स्थिति असहज हो गई, जब एक गजराज दिनदहाड़े भेल चिकित्सालय परिसर में ही पहुंच गया।
बताया गया कि हाथी काफी देर तक चिकित्सालय परिसर के आसपास घूमता रहा। इस दौरान अस्पताल में उपचार कराने पहुंचे मरीजों और उनके तीमारदारों की नजर जैसे ही हाथी पर पड़ी, उनमें भय का माहौल बन गया। अचानक सामने विशालकाय हाथी को देखकर लोग इधर-उधर जाने लगे और कुछ समय के लिए चिकित्सालय परिसर में अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।
गनीमत रही कि हाथी ने किसी व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया और वह शांत रहा। कुछ देर परिसर में घूमने के बाद गजराज स्वयं ही वापस जंगल की ओर चला गया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल से सटे भेल क्षेत्र में वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए संबंधित विभागों को संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता है, ताकि वन्यजीवों और आमजन दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। खासकर अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थानों पर वन्यजीवों के पहुंचने से किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है।
फिलहाल हाथी के सुरक्षित जंगल की ओर लौट जाने से चिकित्सालय प्रशासन, मरीजों और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।
