
हरि न्यूज
नजीबाबाद। मुख्यमंत्री के निर्देश पर रविवार, 23 अगस्त 2026 को प्रदेश के सभी जनपदों एवं तहसीलों में रसोइयों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसी क्रम में नजीबाबाद के कवि दुष्यंत कुमार सभागार में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री ने रसोइयों के मानदेय में प्रतिमाह ₹1,000 की वृद्धि करने तथा रसोइयों को ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा वाला कार्ड उपलब्ध कराने की घोषणा की।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख तपराज सिंह देशवाल, एसडीएम नजीबाबाद, भाजपा नेता चौधरी ईशम सिंह एवं खंड शिक्षा अधिकारी राजमोहन गुप्ता ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर किया। समग्र विद्यालय कनकपुर कला की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर समग्र विद्यालय कनकपुर कला की रसोइया शोभा देवी को कैशलेस कार्ड तथा समग्र विद्यालय जालपुर की रसोइया बीना देवी को बढ़े हुए मानदेय का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर समग्र विद्यालय कनकपुर कला की छात्राओं नसरा एवं सादिया ने अंतरिक्ष विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। छात्राओं की प्रस्तुति की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख तपराज सिंह देशवाल ने कहा कि सरकार समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चल रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में जनहित एवं जनउपयोगी योजनाओं के माध्यम से विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, पीआरडी जवानों के बाद अब अन्नपूर्णा माता रसोइयों के मानदेय में वृद्धि और कैशलेस चिकित्सा सुविधा की घोषणा सरकार का महत्वपूर्ण कदम है।
भाजपा नेता चौधरी ईशम सिंह ने कहा कि रसोइया माताएं-बहनें विद्यालयों में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखते हुए छात्र-छात्राओं को पूरे सेवा भाव से भोजन उपलब्ध करा रही हैं। उन्होंने कहा कि रसोइयाएं सरकार की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और सरकार हर समय उनके साथ खड़ी है।
खंड शिक्षा अधिकारी राजमोहन गुप्ता ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों एवं रसोइया बहनों का आभार व्यक्त किया। एआरपी डॉ. राहुल वर्मा ने विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं महत्वपूर्ण जानकारियों की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर एआरपी डॉ. राहुल वर्मा, सूची राणा, डॉ. मनोरमा, मुकेश शर्मा, सुनील शर्मा, शिवम कुमार, अरुण कुमार, शोएब, प्रदीप, हिमानी प्रजापति, नीतू शर्मा, दीपक महिंद्रा, राजकुमार वर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, विभागीय कर्मचारी एवं रसोइया बहनें उपस्थित रहीं।
