
*कारोबार और पुरानी रंजिश में अंकित चौहान की हत्या, शव मोटरसाइकिल समेत गंगा में डुबोया;चार आरोपी गिरफ्तार
हरि न्यूज
हरिद्वार/लक्सर। कोतवाली लक्सर पुलिस ने शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चौहान की गुमशुदगी के मामले का खुलासा करते हुए ब्लाइंड मर्डर की सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश किया है। पुलिस के अनुसार कारोबार और पुरानी रंजिश को लेकर चार आरोपियों ने अंकित चौहान की हत्या कर उसके शव को मोटरसाइकिल के साथ बांधकर गंगा नदी में डुबो दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एसडीआरएफ के गोताखोरों की मदद से शव और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
पुलिस के मुताबिक 2-3 अगस्त की रात शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चौहान मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान वह रास्ते से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया और उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। परिजनों की सूचना पर कोतवाली लक्सर में गुमशुदगी दर्ज की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
गठित टीम ने मामले की जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही संबंधित मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल, टावर लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। पुलिस ने मैनुअल पुलिसिंग के माध्यम से भी मृतक से जुड़े लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अंकित की अपने ही गांव के रहने वाले सचिन, मेहकार, कुलवंत और अंकित चौहान उर्फ फौजी से पिछले कुछ समय से रंजिश चल रही थी। पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने अंकित की हत्या करने की बात स्वीकार की।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि अंकित ट्रैक्टर-ट्राली से होने वाले खनन की मुखबिरी करता था, जिसके कारण उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा था। इसी रंजिश के चलते चारों ने अंकित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 2 अगस्त की रात जब अंकित अपने घर लौट रहा था, तभी रास्ते में उसकी मोटरसाइकिल रोककर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को मोटरसाइकिल के साथ बांधकर शिवपुरी गांव के पास खुसरो की ठोकर के निकट गंगा नदी में डुबो दिया गया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम उन्हें घटनास्थल तक लेकर पहुंची। गंगा नदी में शव और मोटरसाइकिल की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को गोताखोरों के साथ बुलाया गया। अथक प्रयासों के बाद एसडीआरएफ के गोताखोरों ने गंगा में डूबी मृतक की मोटरसाइकिल और शव बरामद कर लिया।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103, 238 एवं 61(2) के तहत धाराओं की बढ़ोतरी की है। पुलिस के अनुसार मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी अंकित चौहान उर्फ फौजी पूर्व में भी थाना खानपुर से हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। सभी आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
उक्त मामले में बरामदगी
– मृतक अंकित चौहान का शव
– मृतक की मोटरसाइकिल
उक्त घटना में गिरफ्तार आरोपी
1. सचिन पुत्र पवन, निवासी शिवपुरी रायसी, हरिद्वार
2. मेहकार पुत्र पवन, निवासी शिवपुरी रायसी, हरिद्वार
3. कुलवंत पुत्र कल्लू, निवासी शिवपुरी रायसी, हरिद्वार
4. अंकित चौहान उर्फ फौजी पुत्र सुरेश पाल, निवासी शिवपुरी रायसी, हरिद्वार
ब्लाइंड मर्डर के खुलासे में शामिल पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी,एसएसआई नितिन चौहान,राजीव उनियाल, चौकी प्रभारी रायसी, यशवीर नेगी, चौकी प्रभारी भीकमपुर, कांस्टेबल अरविंद,कांस्टेबल ध्वजवीर,कांस्टेबल हिमांशु चौधरी,कांस्टेबल मुकेश,कांस्टेबल अनूप पोखरियाल, कांस्टेबल सुरेश, हेड कांस्टेबल महेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल रविंद्र शामिल रहे।
पुलिस टीम की तत्परता, तकनीकी जांच और लगातार की गई पड़ताल के चलते गुमशुदगी के इस मामले की कड़ियां जोड़ते हुए ब्लाइंड मर्डर का खुलासा किया गया और गंगा में डुबोया गया शव व मोटरसाइकिल बरामद की गई।
