
संत-महंतों एवं श्रद्धालु भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर की सुख-समृद्धि की कामना
हरि न्यूज
हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार के भूपतवाला क्षेत्र स्थित प्रख्यात धार्मिक संस्था श्री रणकेश्वर धाम में सावन मास के प्रथम सोमवार का पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर आश्रम के परमाध्यक्ष अष्टकौशल श्रीमहंत हरेराम गिरि महाराज के सानिध्य में संत-महंतों एवं श्रद्धालु भक्तों ने विधि-विधान के साथ भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक किया। इस दौरान मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
सावन के प्रथम सोमवार को भगवान शिव के दर्शन एवं पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री रणकेश्वर धाम पहुंचे। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ को जल, दूध, बेलपत्र, पुष्प एवं विभिन्न पूजन सामग्री अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की। भक्तों ने भगवान शिव से परिवार एवं समाज के सुख, शांति, समृद्धि तथा लोक कल्याण की कामना की। पूजा-अर्चना के दौरान संत-महंतों ने भगवान भोलेनाथ का अभिषेक कर सनातन धर्म की उन्नति और विश्व कल्याण के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर श्री रणकेश्वर धाम के परमाध्यक्ष अष्टकौशल श्रीमहंत हरेराम गिरि महाराज ने कहा कि सावन मास भगवान शिव को अत्यंत प्रिय है। सावन में भगवान भोलेनाथ की आराधना करने से श्रद्धालुओं को विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा कि सावन भर श्रद्धा और विश्वास के साथ भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना करने से मनुष्य के जीवन के कष्ट दूर होते हैं तथा जीवन में सुख-समृद्धि और शांति की कामना पूर्ण होती है।
श्रीमहंत हरेराम गिरि महाराज ने कहा कि भगवान शिव अपने भक्तों पर शीघ्र प्रसन्न होने वाले देव हैं। जो भक्त सच्चे मन से भगवान भोलेनाथ की शरण में जाता है, उसकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। सावन मास में शिव आराधना का विशेष महत्व है और इस दौरान किया गया पूजन, जलाभिषेक एवं महामृत्युंजय मंत्र का जाप भक्तों को आध्यात्मिक शक्ति प्रदान करता है।
इस मौके पर श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा की सन्यासिनी अखाड़ा की अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत आराधना गिरि ने श्रद्धालु भक्तों से आह्वान किया कि सावन मास में भगवान शिव की आराधना के साथ-साथ जरूरतमंदों की सेवा, गौ सेवा और मानव सेवा के कार्य भी करने चाहिए। यही सनातन धर्म की वास्तविक भावना है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की भक्ति मनुष्य को सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
इस अवसर पर श्री रणकेश्वर धाम में संत-महंतों एवं श्रद्धालु भक्तों की उपस्थिति में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। पूजा-अर्चना के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान आश्रम परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए नजर आए।
