
*पूर्णिमा महोत्सव के दूसरे दिन विशेष दीक्षा समारोह; सनातन के वैज्ञानिक स्वरूप के प्रचार और भारत को रोग-मुक्त, शोक-मुक्त बनाने का लिया महासंकल्प
हरि न्यूज
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित करौली शंकर महादेव धाम में पूर्णिमा महोत्सव के दूसरे दिन आयोजित विशेष दीक्षा कार्यक्रम में करीब 10000+ श्रद्धालुओं ने दीक्षा ग्रहण कर आध्यात्मिक जीवन की नई शुरुआत की। दीक्षा लेने वाले सभी श्रद्धालुओं ने सनातन धर्म के वैज्ञानिक तथ्यों को विश्व के समक्ष प्रस्तुत करने तथा भारत को रोग-मुक्त और शोक-मुक्त बनाने का संकल्प लिया। पूर्णिमा महोत्सव में देश-विदेश से श्री राधारमण शिष्य संप्रदाय के हजारों श्रद्धालु धाम पहुंचे। श्रद्धालुओं ने बाबा-मां के चरणों में अपनी मनोकामनाएं अर्पित कीं, भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया और गुरुदेव के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
शुद्धि और सिद्धि के बाद बही ज्ञान की धारा
हवन व पंचमहाभूत शुद्धि के उपरांत श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर करौली शंकर दास जी महाराज के प्रवचन में श्रद्धालुओं ने आध्यात्मिक ज्ञान का लाभ लिया। श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर करौली शंकर दास जी महाराज ने कहा कि मोक्ष का वास्तविक अर्थ दुख, मोह, प्रश्नों और सांसारिक आसक्ति से मुक्ति है। उन्होंने बताया कि आत्मिक शांति और सही जीवन दृष्टि ही मनुष्य को वास्तविक स्वतंत्रता प्रदान करती है।

दरबार से जुड़ने वाला व्यक्ति जीवन के हर क्षेत्र में होता है सशक्त : करौली शंकर दास जी महाराज
गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दूसरे दिन परम पूज्य श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर करौली शंकर दास जी महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि करौली शंकर दरबार अपने भक्तों को आध्यात्मिक, मानसिक और शारीरिक सुरक्षा प्रदान करता है। दरबार से जुड़ने वाला व्यक्ति सामाजिक, आर्थिक और मानसिक रूप से सशक्त बनता है तथा उसके यश और सम्मान में निरंतर वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि दरबार का मार्ग केवल व्यक्ति के वर्तमान जीवन को ही नहीं, बल्कि उसकी आने वाली पीढ़ियों के लिए भी सकारात्मक दिशा और मजबूत संस्कारों की नींव तैयार करता है।

दीक्षा बंधन नहीं, सभी बंधनों से मुक्ति का मार्ग है
अपने संदेश में गुरुदेव ने कहा कि “दीक्षा किसी प्रकार का बंधन नहीं, बल्कि सभी बंधनों से मुक्ति का मार्ग है।” उन्होंने कहा कि करौली शंकर दरबार किसी व्यक्ति को सीमाओं में नहीं बांधता, बल्कि उसे आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और जीवन में सफलता प्राप्त करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि गुरु पर पूर्ण विश्वास और अटूट संकल्प ही जीवन रूपी भवसागर से पार लगाने का सबसे बड़ा साधन है। इसलिए प्रत्येक साधक को अपने सभी दुःख, भय, मोह और लोभ गुरु चरणों में समर्पित कर पूर्ण श्रद्धा और विश्वास के साथ आत्मपूर्णता की इस आध्यात्मिक यात्रा में सम्मिलित होना चाहिए।
जिस गुरु को स्वीकार करें, उसके प्रति पूर्ण समर्पण रखें : जगतार मुनि
इस अवसर पर श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन, हरिद्वार के सचिव जगतार मुनि जी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि जिस भी गुरु और दरबार से कोई व्यक्ति जुड़े, उसके मन में यह अटूट विश्वास होना चाहिए कि यही वह द्वार है, जहां से उसके समस्त कष्टों का अंत होगा। उन्होंने कहा कि जब साधक पूर्ण समर्पण के साथ गुरु की शरण स्वीकार करता है, तभी उसे वास्तविक आनंद और आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त होती है। सच्चा गुरु वही होता है, जो अपने शिष्य के दुःख, मनोभाव और पीड़ा को बिना कहे ही समझ ले और उसका निवारण कर दे।
गुरु अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने वाली दिव्य शक्ति हैं : महंत भगत राम जी
श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन के मुखिया महंत भगत राम जी महाराज ने गुरु के वास्तविक स्वरूप का वर्णन करते हुए कहा कि गुरु के भीतर सौ चंद्रमाओं और हजार सूर्यों के समान दिव्य प्रकाश निहित होता है। गुरु का अर्थ ही अज्ञान रूपी अंधकार से ज्ञान रूपी प्रकाश की ओर ले जाने वाला है। उन्होंने कहा कि संतों की संगति, सेवा और उनके बताए मार्ग पर चलने वाला साधक बैकुंठ की प्राप्ति का अधिकारी बनता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा कि गुरु पूर्णिमा महोत्सव के अवसर पर करौली धाम आश्रम साक्षात बैकुंठ का स्वरूप धारण किए हुए है और यहां पहुंचकर प्रत्येक श्रद्धालु आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कर सकता है।
साधकों को अगले आध्यात्मिक स्तर की ओर बढ़ने का दिया संदेश
कार्यक्रम के दूसरे दिन के समापन पर श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर करौली शंकर दास जी महाराज ने दीक्षा प्राप्त कर चुके लेवल-1 से लेवल-15 तक के चयनित शिष्यों को ध्यान-साधना के माध्यम से अगले आध्यात्मिक स्तर पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि साधना का प्रत्येक चरण व्यक्ति के आत्मिक विकास का नया आयाम खोलता है और निरंतर अभ्यास ही आध्यात्मिक उन्नति का आधार है, जो अंततः साधक को ‘रोग मुक्त, शोक मुक्त’ अवस्था तक ले जाता है।
गंगा तपस यात्रा में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से जुड़ने का किया आह्वान
गुरु पूर्णिमा महोत्सव के तृतीय दिवस आयोजित होने वाली विशाल ‘गंगा तपस यात्रा’ के लिए गुरुदेव ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया। उन्होंने श्रावण मास के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गंगा तपस यात्रा का यह दूसरा वर्ष है। यह यात्रा सरसैया घाट से प्रारंभ होकर परमधाम करौली शंकर महादेव धाम तक पूर्ण भक्तिभाव के साथ निकाली जाएगी। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से इस पुण्य यात्रा में सहभागी बनकर आध्यात्मिक पुण्य अर्जित करने का आह्वान किया।
