
*लगभग 49 किलो पनीर कराया गया नष्ट, दूध पाउडर और फॉरेन फैट से पनीर तैयार करने का आरोप
*पनीर व निर्माण में प्रयुक्त सामग्री के नमूने जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए
हरि न्यूज
हरिद्वार। आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना श्यामपुर पुलिस एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने 27 जुलाई 2026 को कांगड़ी स्थित गुज्जर डेयरी पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने विक्रय के लिए तैयार करीब 50 किलो पनीर बरामद किया। प्रथम दृष्टया पनीर के निर्माण में दूध पाउडर और फॉरेन फैट के इस्तेमाल की बात सामने आई है।

आमजन से प्राप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी के दौरान डेयरी परिसर में एक एल्युमिनियम कंटेनर में लगभग 50 किलो पनीर रखा हुआ मिला। टीम द्वारा पूछताछ किए जाने पर मौके पर मौजूद डेयरी संचालक के भाई सराफत अली ने बताया कि पनीर तैयार करने में दूध पाउडर एवं फॉरेन फैट का इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा मौके से एक प्लास्टिक बैग में दूध पाउडर के करीब 50 खाली पैकेट भी बरामद हुए, जिन्हें संयुक्त टीम ने जब्त कर लिया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके से तैयार पनीर तथा पनीर निर्माण में प्रयुक्त दूध के दो खाद्य नमूने लिए। इन नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नमूने लेने के बाद शेष बचे करीब 49 किलो पनीर को मौके पर ही जेसीबी मशीन की मदद से गड्ढा खुदवाकर वैज्ञानिक तरीके से नष्ट कराया गया, ताकि संदिग्ध खाद्य सामग्री बाजार में पहुंचकर आमजन के स्वास्थ्य को नुकसान न पहुंचा सके।
निरीक्षण के दौरान टीम को यह भी जानकारी मिली कि डेयरी संचालक के पास उपलब्ध फूड लाइसेंस केवल रिटेल व्यवसाय के लिए जारी किया गया था, जबकि उसी लाइसेंस के आधार पर दुग्ध उत्पादों का निर्माण किया जा रहा था। मौके पर मिली अनियमितताओं के आधार पर डेयरी संचालक इमानत अली एवं मौके पर मौजूद उनके भाई सराफत अली को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन द्वारा नोटिस जारी किया गया।
संयुक्त टीम में थानाध्यक्ष श्यामपुर नितेश शर्मा, एएसआई रविंद्र गौड़, कांस्टेबल मनमोहन सैनी, कांस्टेबल सुशील, उपायुक्त खाद्य सुरक्षा गढ़वाल मंडल राजेंद्र सिंह रावत, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी हरिद्वार महिमानंद जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार शामिल रहे।
अधिकारियों ने बताया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
