
*वरिष्ठ व्यापारी नेता विनोद मिश्रा ने जिलाध्यक्ष संजीव नैय्यर से फोन पर पूछा चुनाव का कार्यक्रम,कहा- लोकतांत्रिक प्रक्रिया में देरी उचित नहीं
हरि न्यूज
हरिद्वार। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के हरिद्वार शहर व्यापार मंडल का कार्यकाल मई 2026 में समाप्त हो चुका है, लेकिन दो महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी नए पदाधिकारियों के चुनाव नहीं कराए गए हैं। मई में प्रस्तावित चुनाव जून तक टल गए और अब जुलाई भी समाप्ति की ओर है। ऐसे में व्यापारियों के बीच संगठन की कार्यप्रणाली और चुनाव में हो रही देरी को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
वरिष्ठ व्यापारी नेता एवं जिला व्यापार मंडल के विशेष आमंत्रित सदस्य विनोद मिश्रा ने शहर व्यापार मंडल के चुनाव को लेकर जिलाध्यक्ष संजीव नैय्यर से फोन पर वार्ता की। उन्होंने कहा कि संगठन की लोकतांत्रिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए समय पर चुनाव होना आवश्यक है। लंबे समय तक चुनाव टालना व्यापारियों की अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने मांग की कि जल्द से जल्द चुनाव कार्यक्रम घोषित कर निष्पक्ष तरीके से चुनाव संपन्न कराए जाएं।
इस संबंध में जिलाध्यक्ष संजीव नैय्यर ने बताया कि चुनाव को लेकर जल्द ही पदाधिकारियों की बैठक बुलाई जाएगी। बैठक में सभी साथियों से चर्चा के बाद चुनाव की तिथि और आगे की रणनीति तय की जाएगी।
शहर व्यापार मंडल के चुनाव में लगातार हो रही देरी से व्यापारी वर्ग में चर्चाएं तेज हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि संगठन चुनाव की तारीख कब घोषित करता है और लंबित प्रक्रिया को कब पूरा किया जाता है।
