
हरि न्यूज
हरिद्वार। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नगर (एसपी सिटी) अभय सिंह ने नगर क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों की महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की।
बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात संचालन को सुचारु रखने, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, कांवड़ मार्गों पर नियमित गश्त एवं प्रभावी पुलिस उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही असामाजिक एवं अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

एसपी सिटी अभय सिंह ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कांवड़ समितियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने, भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्ट पर त्वरित कार्रवाई करने तथा श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार अपनाने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा हरिद्वार पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
बैठक के दौरान नगर क्षेत्र के सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ अपराधों की समीक्षा भी की गई। अधिकारियों को लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण करने तथा पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियानों को प्रभावी ढंग से सफल बनाने के निर्देश दिए गए।
