
हरि न्यूज
भगवानपुर (हरिद्वार)। भगवानपुर थाना क्षेत्र में हुए हत्या के सनसनीखेज मामले का हरिद्वार पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू और रक्तरंजित कपड़े भी बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण पारिवारिक विवाद और पुरानी रंजिश सामने आई है।
पुलिस के अनुसार 26 जून 2026 को हल्लूमाजरा चौक स्थित गुफरान चिकन सेंटर के समीप एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर भगवानपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने मौके को सुरक्षित कर फोरेंसिक टीम की सहायता से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की भेजा। मामले में प्राप्त तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर 27 जून 2026 को कोतवाली भगवानपुर में मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी भगवानपुर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच करते हुए 48 घंटे के भीतर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी शहनवाज पुत्र मीरू, निवासी बड़ीवाला, थाना छपार, जनपद मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) ने बताया कि उसकी पुत्री का प्रेम विवाह उसके सगे भांजे मुफीद से हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और तलाक की नौबत आ गई। आरोपी अपनी पुत्री का वैवाहिक जीवन टूटने के लिए मुफीद को जिम्मेदार मानता था। इसी रंजिश के चलते उसने योजना बनाकर भगवानपुर पहुंचकर चाकू खरीदा और अवसर मिलते ही मुफीद पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू और घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े बरामद कर लिए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आवश्यक धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
मृतक: मुफीद पुत्र मतलूब, निवासी रोलाहेड़ी, थाना पिरान कलियर, जनपद हरिद्वार।
आरोपी: शहनवाज पुत्र मीरू (50 वर्ष), निवासी बड़ीवाला, थाना छपार, जनपद मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश)।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश कुमार सैनी, उपनिरीक्षक प्रदीप चौहान, कांस्टेबल उवैदउल्ला, दीपक ममगाई एवं सचिन तोमर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
