
*कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक के शुभचिंतकों ने अपनी सोशल मीडिया साइड पर लगाया पोस्टर
हरि न्यूज
हरिद्वार। तीर्थ नगरी हरिद्वार में इन दिनों सोशल मीडिया पर एक पोस्टर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ आम लोगों के बीच भी खासा आकर्षण पैदा कर दिया है। मदन कौशिक के इस पोस्टर पर लिखा है — “ये हरिद्वार मेरा है और मैं यहां का सेवक हूं”। यह संदेश सीधे तौर पर जनता से जुड़ाव और सेवा भाव को दर्शाता है, जिसके चलते यह पोस्टर फेसबुक वॉल और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि यह पोस्टर खास तौर पर हरिद्वार की जनता को संबोधित करते हुए जारी किया गया है, जिसमें मंत्री मदन कौशिक को जनता का सेवक बताते हुए क्षेत्र के विकास और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की है। सोशल मीडिया पर इस पोस्टर को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं—कहीं इसे जनसेवा की भावना का प्रतीक बताया जा रहा है तो कहीं इसे राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि मदन कौशिक हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र से पांचवीं बार विधायक चुने गए हैं और उत्तराखंड सरकार में तीसरी बार कैबिनेट मंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इसके अलावा वे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद पर भी रह चुके हैं और अपने कार्यकाल के दौरान संगठन को मजबूत करने के साथ कई राजनीतिक मिथकों को तोड़ने का श्रेय भी उन्हें दिया जाता है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह के संदेश आगामी चुनावी रणनीति का हिस्सा भी हो सकते हैं, जहां जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करने की कोशिश की जाती है। “सेवक” शब्द का इस्तेमाल कर नेता खुद को आम जन से जोड़ने का प्रयास करते हैं, जिससे जनता में विश्वास और अपनापन बढ़े।
हरिद्वार में इस पोस्टर को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। समर्थक इसे जनसेवा की सच्ची भावना बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर विपक्षी इसे राजनीतिक स्टंट करार दे रहे हैं। हालांकि, इतना तय है कि मंत्री मदन कौशिक का यह पोस्टर सोशल मीडिया पर छाया हुआ है और आने वाले समय में इसके राजनीतिक मायने भी निकाले जाते रहेंगे।
