
हरि न्यूज
हरिद्वार। जनपद हरिद्वार के चेन राय महिला जिला चिकित्सालय स्थित मदर एंड चाइल्ड केयर हॉस्पिटल (एमसीएच विंग) में आईपीडी सेवाओं की औपचारिक शुरुआत हो गई है। एमसीएच विंग का संचालन संस्था नोवस पैथोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
शुक्रवार को अस्पताल में पहली बार प्रसूति संबंधी ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार 8 मई 2026 को प्रसूता काजल पाठक को ऑब्सटेट्रिक इमरजेंसी की स्थिति में भर्ती किया गया था। चिकित्सकों की टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए सफलतापूर्वक एलएससीएस (सीजेरियन) ऑपरेशन किया, जिसके बाद महिला ने स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।

अस्पताल प्रशासन ने इसे एमसीएच विंग की आईपीडी सेवाओं की बड़ी उपलब्धि बताया है। अस्पताल के निदेशक मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि यह एमसीएच विंग का पहला आईपीडी केस और पहला सफल ऑपरेशन है। इस समय जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ है। उन्होंने कहा कि शासन के साथ किए गए कंसेशन एग्रीमेंट के तहत संचालित 200 बेड की यह स्वास्थ्य सेवा अब पूरी तरह से मरीजों को सुविधाएं देने के लिए तैयार है।
उन्होंने बताया कि एमसीएच विंग में माताओं एवं शिशुओं को उच्च स्तरीय, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही अस्पताल प्रशासन ने उम्मीद जताई कि भविष्य में यह अस्पताल जनपद हरिद्वार की स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
