
इंटर में वाणिज्य वर्ग की वंशिका अरोड़ा,हाईस्कूल में पलक रही टॉपर
हरि न्यूज
हरिद्वार। उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद्, रामनगर (नैनीताल) द्वारा घोषित बोर्ड परीक्षा परिणाम में श्रीमती शकुन्तला शास्त्री स्मारक महिला इंटर कॉलेज, सतीकुण्ड कनखल की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय की प्रधानाचार्य रेखा पुरोहित ने बताया कि इंटरमीडिएट (कक्षा 12) का परीक्षा परिणाम 98.34 प्रतिशत रहा।
इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 121 छात्राओं ने भाग लिया, जिनमें से 119 छात्राएं सफल रहीं। 26 छात्राओं ने सम्मान सहित प्रथम श्रेणी, 85 छात्राओं ने प्रथम श्रेणी तथा 8 छात्राओं ने द्वितीय श्रेणी प्राप्त की। वर्गवार परिणाम में मानविकी और वाणिज्य वर्ग का परिणाम 100 प्रतिशत तथा विज्ञान वर्ग का परिणाम 93 प्रतिशत रहा।
इंटर में वाणिज्य वर्ग की वंशिका अरोड़ा ने 456 अंक (91.2 प्रतिशत) प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। सोनिया जोशी ने 453 अंक (90.6 प्रतिशत) के साथ द्वितीय और श्वेता बोरा ने 451 अंक (90.2 प्रतिशत) के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं हाईस्कूल (कक्षा 10) का परीक्षा परिणाम भी उत्कृष्ट रहा। कुल 101 छात्राओं में से 98 छात्राएं सफल रहीं और विद्यालय का परिणाम 97 प्रतिशत दर्ज किया गया। 41 छात्राएं प्रथम श्रेणी (13 सम्मान सहित) और 43 छात्राएं द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुईं।
हाईस्कूल में पलक ने 438 अंक (87.6 प्रतिशत) प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। मनीषा ने 417 अंक (83.4 प्रतिशत) के साथ द्वितीय और ज्योति ने 408 अंक (81.6 प्रतिशत) के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय के प्रबंधक डॉ. अशोक शास्त्री ने सभी छात्राओं, शिक्षकों, स्टाफ और अभिभावकों को बधाई देते हुए इसे सामूहिक मेहनत और समर्पण का परिणाम बताया तथा भविष्य में भी ऐसे ही उत्कृष्ट परिणाम की आशा जताई।
