
हरि न्यूज
हरिद्वार। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल से संबद्ध सुभाष घाट व्यापार मंडल द्वारा होली मिलन समारोह बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के व्यापारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। सभी व्यापारियों के माथे पर चंदन का तिलक लगाकर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्सवमय हो उठा।
समारोह के दौरान “रंग बरसे भीगे चुनर वाली” जैसे लोकप्रिय होली गीतों पर व्यापारी जमकर थिरके। होली के रंगों और संगीत की मस्ती में सभी ने आपसी मतभेद भुलाकर भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। कार्यक्रम स्थल रंग-बिरंगे गुलाल से सराबोर नजर आया और हर ओर उत्साह का माहौल दिखाई दिया।
सुभाष घाट व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजू वधावन और महामंत्री सुमित शर्मा ने जिला एवं शहर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों का भव्य स्वागत किया। उन्होंने सभी अतिथियों को गुलाल लगाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया।
जिलाध्यक्ष संजीव नैय्यर ने कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता का प्रतीक है। व्यापारियों को संगठित रहकर समाज और व्यापार हित में कार्य करना चाहिए। शहर व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव पाराशर ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम आपसी समन्वय को मजबूत करते हैं और संगठन की शक्ति को बढ़ाते हैं।
अंत में सुभाष व्यापार मंडल अध्यक्ष राजू वधावन ने सभी अतिथियों और व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी को सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण होली मनाने की शुभकामनाएं दीं।
होली मिलन समारोह में संरक्षक रमेश चंद शर्मा,सरदार हर्षवर्धन,आनंद विरमानी,सचिन गौतम,सतेंद्र वर्मा,आशीष शर्मा,मधुसूदन,वेद प्रकाश बत्रा,
कोषाध्यक्ष गौरव बंसल,वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरज अरोड़ा, उपाध्यक्ष राजू मल्होत्रा,राम गोपाल,राम किशोर,पंकज अरोड़ा,जितेंद्र खन्ना,नरेश बेदी,सोनल गर्ग,नीतीश मल्होत्रा,मोनू शर्मा,राजीव खत्री,आकाश अरोड़ा,पंकज वशिष्ठ,दीपक,अमित कश्यप,प्रेम पाल गट्टू,चिराग वधावन,प्रिंस वधावन आदि मौजूद रहे।
