
हरि न्यूज
बिजनौर/कमराजपुर। बिजनौरी महासभा हरिद्वार द्वारा एक सराहनीय पहल के तहत निर्बल परिवार की कन्या का विवाह संपन्न कराने वाले समाजसेवी संजीव कुमार शर्मा को ‘बिजनौर रत्न’ सम्मान से अलंकृत किया गया। बिजनौरी महासभा हरिद्वार की ओर संजीव कुमार शर्मा को शॉल ओढ़ाकर “बिजनौर रत्न” प्रतीक चिन्ह एवं 5100 रुपए देकर कन्यादान में सहयोग किया गया।समारोह में उपस्थित गणमान्य लोगों ने उनके सामाजिक योगदान की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

इस अवसर पर महासभा के संयोजक विपिन शर्मा ने कहा कि संजीव कुमार शर्मा ने ग्रामीण क्षेत्र में रहकर जिस प्रकार एक जरूरतमंद परिवार की कन्या का विवाह कर सामाजिक दायित्व निभाया है, वह समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य समाज में नई चेतना और जागरूकता का संचार करते हैं।

बिजनौरी महासभा हरिद्वार के संयोजक वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद गिरि एवं मनोज शर्मा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के समय में जब लोग व्यक्तिगत स्वार्थ में व्यस्त रहते हैं, ऐसे में संजीव कुमार शर्मा जैसे समाजसेवी मानवता की मिसाल पेश कर रहे हैं। उनका यह प्रयास सामाजिक एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करता है।
समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने संजीव कुमार शर्मा को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा भविष्य में भी इसी प्रकार समाजहित में कार्य करते रहने की अपेक्षा जताई।इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता ओमकार आजाद,वरिष्ठ पत्रकार रूकन राजपूत,मनोज शर्मा,मनोज गिरि,वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद गिरि ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
