
*नजीबाबाद ताइक्वांडो ट्रेनिंग अकैडमी के खिलाड़ी ने अंडर-17 वर्ग में किया शानदार प्रदर्शन, अब नेशनल चैंपियनशिप में दिखाएंगे दमखम
हरि न्यूज
नजीबाबाद। नजीबाबाद ताइक्वांडो ट्रेनिंग अकैडमी के प्रतिभावान खिलाड़ी राघव वर्मा ने सीबीएसई जोनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल कर नजीबाबाद एवं अपने विद्यालय का नाम रोशन किया। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है और विद्यालय पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत एवं सम्मान किया गया।

29 अगस्त से 2 सितंबर तक देवबंद स्थित सर्वज्ञ पब्लिक स्कूल में आयोजित सीबीएसई जोनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में राघव वर्मा ने अंडर-17 वर्ग के 73 से 78 किलोग्राम भार वर्ग में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने शानदार खेल कौशल, आत्मविश्वास और अनुशासन का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ राघव ने आगामी सीबीएसई नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए भी अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है।
3 सितंबर को पीएनएस अरिहंत पब्लिक एकेडमी, नजीबाबाद पहुंचने पर राघव वर्मा का विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं स्टाफ द्वारा भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय के प्रबंधक पारस नाथ जैन एवं प्रधानाचार्य ने राघव को मेडल पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने राघव वर्मा की सफलता के लिए उन्हें बधाई देते हुए नजीबाबाद ताइक्वांडो ट्रेनिंग अकैडमी के कोच रिंकू वर्मा के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता के पीछे नियमित अभ्यास, अनुशासन, मेहनत और प्रशिक्षक का उचित मार्गदर्शन महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। राघव ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर विद्यालय एवं क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
अब राघव वर्मा आगामी 19 से 24 सितंबर तक हरियाणा में आयोजित होने वाली सीबीएसई नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में प्रतिभाग करेंगे। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में राघव के प्रदर्शन को लेकर विद्यालय परिवार, उनके प्रशिक्षक और नजीबाबाद ताइक्वांडो ट्रेनिंग अकैडमी में खासा उत्साह है।
विद्यालय के समस्त स्टाफ ने राघव वर्मा को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी ने उम्मीद जताई कि राघव राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर नजीबाबाद और अपने विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
