
हरि न्यूज
नजीबाबाद/बिजनौर। प्रगति पथ के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विशाल कृषि प्रदर्शनी का समापन समारोह उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, किसानों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।

समापन अवसर पर भाजपा के विभिन्न सम्मानित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने विचार व्यक्त करते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा कृषि क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों तथा किसानों के हित में संचालित योजनाओं की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि पिछले वर्षों में कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, सिंचाई सुविधाओं एवं किसान कल्याण योजनाओं के माध्यम से उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला महामंत्री बलराज त्यागी ने कहा कि कृषि भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसानों को नई तकनीकों एवं नवाचारों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर उत्पादन बढ़ाने का आह्वान किया।
समापन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी शाहेंद्र प्रताप सिंह एवं ब्लॉक प्रमुख विनोद राठी ने भी अपने विचार रखे। भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक चौधरी बीरबल सिंह ने कृषि प्रदर्शनी को किसानों के लिए ज्ञानवर्धक एवं लाभकारी बताते हुए आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। वक्ताओं ने कहा कि ऐसी प्रदर्शनी किसानों को नई तकनीकों, उन्नत बीजों, कृषि यंत्रों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं किसानों का आभार व्यक्त किया गया। कृषि प्रदर्शनी के दौरान विभिन्न कृषि उत्पादों, आधुनिक कृषि उपकरणों एवं नवाचारों का प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहा।
