
हरिद्वार।श्री कृष्णा नगर रामलीला समिति द्वारा कृष्णा नगर स्थित रामलीला मैदान में 60 फिट रावण के पुतले को जलाकर दशहरे का पर्व धूमधाम से मनाया गया। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी हजारों की संख्या में आसपास के क्षेत्र से लोग दशहरा देखने रामलीला मैदान पहुंचे। इससे पूर्व स्थानीय विधायक मदन कौशिक, निवर्तमान मेयर अनिता शर्मा, पूर्व सभासद अशोक शर्मा ने भी रामलीला मंच पर पहुंचकर भगवान राम का आशीर्वाद लिया।

इस अवसर पर विधायक मदन कौशिक ने कहा कि रामलीला के माध्यम से सनातन संस्कृति को जानने का अवसर मिलता है। बहुत गर्व की बात है कि 500 वर्ष बाद अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ। निवर्तमान मेयर अनिता शर्मा ने कहा कि भगवान राम मर्यादा पुरुषोत्तम थे। उन्होंने असत्य को पराजित कर सत्य को स्थापित किया। रामलीला के मंचन से बहुत कुछ सीखने के लिए मिलता है।