
हरि न्यूज
हरिद्वार।उत्कर्ष स्पोर्ट्स फेडरेशन द्वारा आगामी चार एवं पाँच अप्रैल दो हजार छब्बीस को “प्रथम ऑल इंडिया ओपन हरिद्वार क्लासिकल शतरंज टूर्नामेंट” का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता निश्काम सेवा ट्रस्ट, भूपतवाला (दूधाधारी चौक के निकट) में संपन्न होगी।
देश के विभिन्न राज्यों से खिलाड़ियों की संभावित भागीदारी के साथ यह प्रतियोगिता सात राउंड स्विस प्रणाली के अंतर्गत खेली जाएगी, जिसमें प्रत्येक खिलाड़ी को तीस मिनट का मुख्य समय तथा प्रत्येक चाल पर तीस सेकंड की वृद्धि दी जाएगी।
इस प्रतियोगिता की कुल एक लाख रुपये की आकर्षक पुरस्कार राशि इसे क्षेत्र की महत्वपूर्ण शतरंज प्रतियोगिताओं में विशेष स्थान प्रदान करती है। ओपन वर्ग के अतिरिक्त महिला, वरिष्ठ नागरिक, अनरेटेड खिलाड़ियों तथा विभिन्न जूनियर आयु वर्गों के लिए भी पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं।
टूर्नामेंट संचालन एवं तकनीकी व्यवस्था की जिम्मेदारी उत्कर्ष स्पोर्ट्स फेडरेशन के सचिव सीनियर नेशनल आर्बिटर श्री राहुल बत्रा संभालेंगे, जिनके अनुभव से प्रतियोगिता के सुचारु एवं निष्पक्ष संचालन की अपेक्षा की जा रही है।
उत्कर्ष स्पोर्ट्स फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. मुकुल बेंजवाल ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य हरिद्वार एवं आसपास के क्षेत्र में शतरंज के खेल को बढ़ावा देना तथा खिलाड़ियों को क्लासिकल प्रारूप में उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का अवसर प्रदान करना है, जिससे वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
टूर्नामेंट के सफल आयोजन में स्थानीय खेल प्रेमियों का सहयोग भी मिल रहा है। विशेष रूप से शेप-अप फिटनेस जिम के मालिक श्री सौरव सिंह द्वारा खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराने हेतु सराहनीय सहयोग दिया जा रहा है।
फेडरेशन ने समस्त शतरंज खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों से इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की है।
