
हरि न्यूज
हरिद्वार। पावन नवरात्र पर्व के अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में भक्तिभाव का विशेष माहौल बना हुआ है। प्राचीन हनुमान घाट स्थित हनुमान मंदिर में श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
मंदिर के मुख्य पुजारी महंत रवि पुरी महाराज ने नवरात्र के नौ दिनों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इन दिनों मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा करने से जीवन में सुख, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि सच्ची श्रद्धा और भक्ति से की गई उपासना से सभी कष्ट दूर होते हैं और जीवन सुखमय बनता है।
महंत रवि पुरी महाराज ने आगे बताया कि नवरात्र के दौरान कन्या पूजन का विशेष महत्व है। कन्या पूजन करने से मां दुर्गा अत्यंत प्रसन्न होती हैं और अपने भक्तों पर कृपा बरसाती हैं।

नवरात्र के अवसर पर मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया गया है और प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालु मां के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का वातावरण बना हुआ है।
