
चैत्र नवरात्र के अवसर पर भव्य एवं दिव्य रूप से सजाया गया है मां माया देवी मंदिर
हरि न्यूज
हरिद्वार। जूना अखाड़ा परिसर में विराजमान मां माया देवी मंदिर को चैत्र नवरात्र के अवसर पर भव्य एवं दिव्य रूप से सजाया गया है। धर्मनगरी की अधिष्ठात्री देवी मां मायादेवी के मंदिर में नौ दिनों तक विशेष सजावट और पूजा-अर्चना का आयोजन किया जा रहा है, जिससे मंदिर परिसर आध्यात्मिक आभा से आलोकित हो उठा है।
चैत्र नवरात्र के दौरान प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर मां माया देवी के दर्शन कर रहे हैं और आशीर्वाद प्राप्त कर अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना कर रहे हैं। भक्तों में विशेष उत्साह और आस्था का माहौल देखने को मिल रहा है।
मुख्य पुजारी महंत भास्कर पुरी महाराज ने बताया कि चैत्र नवरात्र के पावन दिनों में मां माया देवी की सच्चे मन से की गई पूजा-अर्चना से जीवन के सभी कष्ट दूर होते हैं और नई ऊर्जा का संचार होता है।

वहीं, पुजारी महंत दिवाकर पुरी महाराज एवं महंत सौरभ पुरी महाराज ने कहा कि मां माया देवी की श्रद्धा और समर्पण भाव से की गई पूजा कभी निष्फल नहीं जाती और भक्तों की हर मनोकामना पूर्ण होती है।
नवरात्र के इस पावन अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा, श्रृंगार और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन लगातार जारी है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
