
हरि न्यूज/प्रमोद गिरि
हरिद्वार। उत्तराखंड की राजनीति में बड़ा संदेश देते हुए भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने वरिष्ठ नेता और पांच बार के विधायक मदन कौशिक को कैबिनेट मंत्री बनाकर आगामी 2027 के चुनावों को लेकर अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी है। पार्टी नेतृत्व ने उन पर प्रदेश में संगठन और सरकार को मजबूती देने की जिम्मेदारी सौंपी है।आखिरकार भाजपा शीर्ष मंडल ने विधायक मदन कौशिक की कार्यशैली ओर राजनीतिक रणनीति का लौहा मान लिया है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को भाजपा “राजनीतिक कुंभ” के रूप में देख रही है, वहीं उसी समय प्रस्तावित धार्मिक कुंभ के सफल आयोजन की भी बड़ी चुनौती सामने होगी। ऐसे में केंद्रीय नेतृत्व ने दोनों ही महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों को ध्यान में रखते हुए मदन कौशिक पर भरोसा जताया है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में विधानसभा सत्र के दौरान विपक्ष द्वारा सरकार की कार्यशैली पर उठाए गए सवालों के बाद पार्टी स्तर पर मंथन हुआ। इसके बाद संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा चुनावी तैयारियों को धार देने के लिए कैबिनेट विस्तार का निर्णय लिया गया।
पार्टी के भीतर हुए विचार-विमर्श में मदन कौशिक की कार्यशैली, अनुभव और संगठनात्मक पकड़ को लेकर संतोष व्यक्त किया गया। इसी के चलते उन्हें सरकार के अंतिम चरण में कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी देकर आगामी चुनावों में भाजपा की वापसी सुनिश्चित करने की अहम भूमिका सौंपी गई है।
राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि मदन कौशिक अपनी रणनीतिक क्षमता और संगठनात्मक कौशल के लिए जाने जाते हैं। हरिद्वार क्षेत्र में लगातार पांच बार जीत दर्ज करना उनकी मजबूत पकड़ का प्रमाण माना जाता है। इससे पहले वे मंत्री रहते हुए कुंभ और अर्द्धकुंभ जैसे बड़े आयोजनों को सफलतापूर्वक संपन्न करा चुके हैं।
अब ऐसे में माना जा रहा है कि 2027 के चुनाव और धार्मिक कुंभ—दोनों बड़े आयोजनों के मद्देनजर उनकी भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि वे सरकार को नई ऊर्जा देने के साथ-साथ चुनावी रणनीति को भी मजबूती प्रदान करेंगे।
