
*ब्रज रसिया – होली के रंग… कृष्णा के संग कार्यक्रम में बिखरे फाग के रंग
राजस्थान ब्रज भाषा अकादमी व सम्पर्क संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में भव्य आयोजन

हरि न्यूज
जयपुर। होली के पावन अवसर पर ब्रज की सांस्कृतिक विरासत को सजीव करने के उद्देश्य से राजस्थान ब्रज भाषा अकादमी एवं सम्पर्क संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को भव्य “ब्रज रसिया – होली के रंग… कृष्णा के संग” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। चार घंटे तक चले इस रंगारंग एवं ऐतिहासिक कार्यक्रम में रंगों की फुहार और फूलों की होली के बीच उपस्थित जनसमूह ने जमकर नृत्य और उत्सव का आनंद लिया।
ब्रज की फाग परंपरा के रंगों में सराबोर इस आयोजन में राधा-कृष्ण की जोड़ी ने मंच पर आकर्षक प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। सम्पर्क संस्थान के सदस्यों ने गीत, संगीत और नृत्य के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती अनुराधा गोगिया (उप सचिव, कला, साहित्य एवं संस्कृति विभाग, राजस्थान सरकार), कार्यक्रम अध्यक्ष एवं अकादमी सचिव डॉ. लता श्रीमाली, सम्पर्क अध्यक्ष अनिल लढ़ा तथा समन्वयक महासचिव रेनू शब्दमुखर ने सरस्वती मां के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
आयोजन के दौरान ब्रज होली पर आधारित कविता, नृत्य एवं गायन प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। मंच पर ब्रज संस्कृति की लोकधारा, राधा-कृष्ण की रसधारा और फाग उत्सव की रंगीन परंपराओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को ब्रज भाषा एवं संस्कृति से जोड़ना तथा होली के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप को समाज के समक्ष प्रस्तुत करना रहा।
कार्यक्रम की संयोजक सीमा वालिया ने बताया कि ब्रज भाषा में काव्य पाठ, पारंपरिक होली गीतों और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। समारोह में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के पूर्व निदेशक डॉ. अरुण जोशी, हिन्दी प्रचार-प्रसार संस्था के अध्यक्ष डॉ. अखिल शुक्ला, शिक्षाविद डॉ. ऋत्विज गौड़, पूर्व आईएएस मनोज शर्मा, शालिनी शर्मा, कविता सक्सेना, माधुरी कुमार, अपर्णा वाजपेयी, अविनाश शर्मा, परमानंद जी, मुकेश जी, नवल किशोर शर्मा, धर्मेंद्र जी, नवीन भूटानी, रुचि एवं विम्मी मदान सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन डॉ. सूरज माहेश्वरी ने किया।
प्रतियोगिता परिणाम इस प्रकार रहे:
नृत्य प्रतियोगिता – प्रथम: दीपा शर्मा, द्वितीय: रानी जांगिड़, तृतीय: पूनम केसवानी।
काव्य एवं गीत प्रतियोगिता – प्रथम: डॉ. नेहा पारीक एवं सुशीला शर्मा, द्वितीय: डॉ. आरती भदौरिया, तृतीय: विजय लक्ष्मी जांगिड़ ‘विजया’ एवं डॉ. रेखा गुप्ता।
कार्यक्रम में हास्य,मस्ती और सांस्कृतिक समागम का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने उपस्थित जनसमूह को ब्रज की रंगीन परंपराओं से भाव-विभोर कर दिया।
