
हरि न्यूज
हरिद्वार।उत्तरी हरिद्वार के भीमगोड़ा खड़खड़ी स्थित श्री राम लीला भवन में हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति के तत्वावधान में विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विभाग प्रचारक राकेश जी भाई साहब, स्वामी अमृतानंद उदासीन कृष्णी,महंत सूरजदास महाराज एवं डा. दयाशंकर विद्यालंकार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित किया।

सम्मेलन में उपस्थित प्रमुख अतिथियों का आयोजन समिति के गगन दीप गोस्वामी अंकेश भाटी, दिव्या चौधरी,एडवोकेट राकेश गुप्ता एवं डा.अशोक गिरि ने प्रतीक चिन्ह पटका व पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया।
मुख्य वक्ता विभाग प्रचारक राकेश जी ने अपने संबोधन में कहा कि संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर देशभर में विभिन्न चरणों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी एवं मातृशक्ति में राष्ट्र के प्रति समर्पण और कर्तव्यभाव जागृत करना समय की आवश्यकता है।

स्वामी अमृतानंद उदासीन कृष्णी ने कहा कि सनातन संस्कृति विश्व को शांति और सद्भाव का मार्ग दिखाने वाली संस्कृति है। हमें अपने धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों को आत्मसात करते हुए समाज में एकता और सद्भाव बनाए रखना चाहिए।
महंत सूरजदास महाराज ने कहा कि हिंदू समाज को संगठित और जागरूक रहने की आवश्यकता है। समाज की एकजुटता ही राष्ट्र की शक्ति है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहें।
डा.दयाशंकर विद्यालंकार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा और संस्कार ही समाज की असली पूंजी हैं। यदि नई पीढ़ी को सही दिशा और मूल्य दिए जाएं तो राष्ट्र का भविष्य उज्ज्वल होगा।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
विराट हिंदू सम्मेलन में विधायक मदन कौशिक, प्रिया जमदग्नि,पूर्व पार्षद अनिरुद्ध भाटी, अभिषेक जमदग्नि,पार्षद सुमित चौधरी,दीपांशु विद्यार्थी,विपिन शर्मा,भक्त दुर्गादास,तरुण नैय्यर,रजनीश वशिष्ठ,सपना भाटी,अर्चित चौहान,अंजू दत्त, चांद गिरि,एड.गुरुप्रसाद गिरि,हरि मोहन वर्मा,सहित सैकड़ों गणमान्य लोगों ने प्रतिभाग किया
