
हरिद्वार। हरिद्वार–नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटना संभावित (Vulnerable) स्थलों की पहचान एवं सड़क सुरक्षा आवश्यकताओं के आकलन हेतु एनएचएआई, पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान मार्ग के विभिन्न संवेदनशील स्थलों पर स्पीड ब्रेकर, कैट आई, सोलर ब्लिंकर, रिफ्लेक्टिव टेप, स्ट्रीट/सोलर लाइट, चेतावनी एवं मार्गदर्शक साइन बोर्ड लगाए जाने के प्रस्ताव किए गए। साथ ही अनधिकृत एवं असुरक्षित मीडियन कट को पूर्णतः बंद करने तथा आवश्यक स्थानों पर मीडियन कट को स्थायी एवं सुरक्षित रूप में विकसित करने के निर्देश दिए गए।

निर्माण कार्य प्रचलित क्षेत्रों में डायवर्जन व्यवस्था को सुरक्षित एवं स्पष्ट बनाए जाने, रात्रिकालीन दृश्यता बढ़ाने हेतु रिफ्लेक्टिव सामग्री के उपयोग तथा आबादी बहुल क्षेत्रों में UPCL (उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड) के माध्यम से स्थायी प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी अनुशंसा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समयावधि में आवश्यक सड़क सुरक्षा उपाय पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। इन उपायों से राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटनाओं में कमी लाकर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
