
मानपुर में आयोजित अंडर-17 प्रतियोगिता में जीता प्रथम स्थान
हरि न्यूज/मुकेश सिन्हा
बिजनौर। मानपुर में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता (अंडर-17 वर्ग) में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मीरापुर बांगर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। यह उपलब्धि छात्राओं की मेहनत और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है।

यह विद्यालय वर्ष 2022 में संचालित हुआ और कम समय में ही यह क्षेत्र की बालिकाओं के लिए शिक्षा व खेल दोनों क्षेत्रों में एक वरदान साबित हो रहा है।
टीम की कप्तान पायल के नेतृत्व में खिलाड़ियों खुशी, चांदनी, सृष्टि, पायल देवी, पल्लवी, हिमानी, हिमांशी, यशिका और शिक्षा ने बेहतरीन तालमेल और दमदार खेल दिखाकर निर्णायक मुकाबले में प्रतिद्वंदी को हराया। खिलाड़ियों की फुर्ती और रणनीति देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध रह गए।
विशेष रूप से शिक्षा और पल्लवी ने पूरे मैच में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी दर्शकों का मन मोह लिया और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं टीम के प्रशिक्षक श्री रवि कान्त ने इस ऐतिहासिक सफलता पर छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने कहा, “यह उपलब्धि हमारी बेटियों के कठिन परिश्रम और अनुशासन का परिणाम है। विद्यालय की स्थापना के बाद से हमारा संकल्प रहा है कि शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी बालिकाएँ अपनी पहचान बनाएँ। आज यह सपना साकार हो रहा है।”
इस जीत में विद्यालय के खेल प्रभारी प्रदीप कुमार का भी सराहनीय योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन और सतत प्रोत्साहन से छात्राओं ने खेल के प्रति गहरी रुचि दिखाई और विजय प्राप्त की।
मैच के दौरान विद्यालय की शिक्षिकाएँ पूनम रानी और विशाखा भी खिलाड़ियों का लगातार हौसला-अफ़ज़ाई करती रहीं। उनके प्रोत्साहन से खिलाड़ियों का उत्साह दोगुना हो गया और टीम ने शानदार खेल दिखाया।
इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। छात्राओं का स्वागत सम्मान समारोह के साथ करने की तैयारी की जा रही है। स्थानीय लोगों ने विद्यालय की इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गर्व बताया।