
हरि न्यूज
सांगली
।महाराष्ट्र के युवा साहित्यकार तथा श्रीमती कुसुमताई राजारामबापू पाटील कन्या महाविद्यालय, इस्लामपूर के प्राध्यापक डॉ. विकास पाटील 'विकिरण' को विश्व हिंदी दिवस पर सम्मानित किया गया है। लुंबिनी, नेपाल की प्रसिद्ध संस्था *शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउन्डेशन, नेपाल* द्वारा हिंदी दिवस के संदर्भ में आयोजित विश्व हिंदी कविता प्रतियोगिता में उत्कृष्ट कविता के आधार पर डॉ. विकास पाटील 'विकिरण' को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का *विश्व हिंदी रत्न* मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है। युवा कवि डॉ. विकास पाटील की रचनाएँ राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न पत्र पत्रिकाओं में प्रकाशित है। उनकी कुल 8 किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं। उनमें से कुछ किताबें विभिन्न विश्वविद्यालय में संदर्भ ग्रंथ के रूप में चयनित है। पिछले साल उन्हें *महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी, मुंबई* की ओर से 'राजभाषा में सरकारी रोजगार के अवसर' इस किताब के लिए *'पं. महावीर प्रसाद द्विवेदी' पुरस्कार* से सम्मानित किया गया है। साहित्य क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें कई प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुए हैं। सम्मान स्वीकृत करते हुए डॉ. विकास पाटील 'विकिरण' ने कहा - वैश्विक स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में देश विदेश के कवियों ने अपनी रचनाओं को प्रस्तुत किया। सहभागी हम कवि- कवयित्रियों की कविता का मूल्यांकन अंतर्राष्ट्रीय संस्था द्वारा होना गौरव की बात है।