
हरि न्यूज
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को आगे बढ़ाते हुए 28 नवंबर 2026 को अग्रवाल भवन, भूपतवाला में महाराजा अग्रसेन सेवा सदन की ओर से साधु-संतों के लिए सेवा एवं सहायता वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में साधु-संतों एवं महंतों को सर्दी से बचाव के लिए गर्म वस्त्र, टोपी सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री वितरित की गई।
इस अवसर पर संतों को खाने-पीने का सामान, साबुन, तेल, दूध सहित अन्य जरूरी वस्तुएं भी प्रदान की गईं। सामग्री प्राप्त कर साधु-संतों ने सेवा कार्य की सराहना करते हुए आयोजकों को आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। उपस्थित संतों एवं महंतों ने मां गंगा और महाराजा अग्रसेन जी के जयकारे लगाकर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

महाराजा अग्रसेन सेवा सदन के ट्रस्टी एवं मीडिया प्रभारी ओ.पी. गोयल ने बताया कि संस्था का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग और समर्पण की भावना को मजबूत करना है। साधु-संतों की सेवा करना पुण्य और सौभाग्य का कार्य है। विशेष रूप से सर्दी के मौसम में संतों को गर्म वस्त्र और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराना संस्था की सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर संस्था समय-समय पर जरूरतमंदों, साधु-संतों और समाज के विभिन्न वर्गों की सहायता के लिए सेवा कार्य करती रहती है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए। सेवा और परोपकार से ही समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना मजबूत होती है।

उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया और कहा कि भविष्य में भी संस्था की ओर से इस प्रकार के सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्य निरंतर जारी रखे जाएंगे।
यह संपूर्ण वितरण कार्यक्रम महाराजा अग्रसेन सेवा सदन के ट्रस्टी एवं मीडिया प्रभारी ओ.पी. गोयल की देखरेख में संपन्न हुआ। इस दौरान पांडे जी, अंकित सहित सेवा सदन के अन्य कर्मचारी एवं सहयोगी मौजूद रहे।



