
*अवैध हथियारों की सप्लाई करने पहुंचे थे तीनों आरोपी, दो पिस्टल,कारतूस और तमंचा बरामद
हरि न्यूज
हरिद्वार। बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में अवैध हथियारों की सप्लाई करने पहुंचे तीन बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, रविवार 15 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्रैंड लज्जा के पास कुछ बदमाश पिस्टल की सप्लाई करने आने वाले हैं। सूचना मिलते ही बहादराबाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए एंबुश लगाया। इस दौरान पुलिस ने विशाल और भूपेंद्र को मौके से पकड़ लिया, जबकि तीसरा आरोपी मुकुल पुलिस को देखकर गन्ने के खेत की ओर भागने लगा।
पुलिस टीम ने जब उसका पीछा किया तो आरोपी ने पुलिस पार्टी पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मुकुल के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़कर तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल (25) पुत्र मगता निवासी वाल्मीकि बस्ती, बहादराबाद, भूपेंद्र (23) पुत्र विजय कुमार निवासी मंसूरपुर झोरा, जनपद मुजफ्फरनगर तथा मुकुल (25) पुत्र कन्हैया निवासी ग्राम बमोरी, थाना सरधना, जनपद मेरठ के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। वहीं भूपेंद्र के पास से 315 बोर का एक तमंचा भी बरामद हुआ है।
घटना की जानकारी मिलने पर एसएसपी हरिद्वार ने अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपी के संबंध में जानकारी ली तथा अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उनके आपराधिक इतिहास और अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



