
*कोतवाली नगर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया मुकदमा
हरि न्यूज
हरिद्वार। नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने एक महिला को 10.54 ग्राम अवैध स्मैक (मोर्फीन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के दिशा-निर्देशों पर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण तथा कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम 25 अक्टूबर 2026 को क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान दूधियावन रोड स्थित बिजली घर के सामने बैडमिंटन रोड के पास घाट पर एक महिला पुलिस टीम को देखकर अचानक पीछे मुड़कर तेजी से भागने लगी।
महिला की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर गश्त कर रही पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। महिला कांस्टेबल की मदद से उसे कुछ दूरी पर पकड़ लिया गया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम दीपा, पत्नी नीशू उर्फ बिजली, निवासी नई बस्ती खड़खड़ी, कोतवाली नगर, हरिद्वार, उम्र 28 वर्ष बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 10.54 ग्राम अवैध स्मैक (मोर्फीन) बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी महिला के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 611/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी एवं कर्मचारी
1. वरिष्ठ उपनिरीक्षक नंदकिशोर ग्वाड़ी
2. उपनिरीक्षक नवीन सिंह चौहान
3. कांस्टेबल संदीप नेगी (273)
4. कांस्टेबल लखन सिंह (1266)
5. महिला कांस्टेबल मुन्नी राणा (453)
पुलिस ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।



