
हरि न्यूज
हरिद्वार, 22 अक्टूबर। हरिद्वार कोतवाली नगर पुलिस ने शिवमूर्ति चौक से रेलवे स्टेशन की ओर रेलवे गेट नंबर-5 के सामने आपस में विवाद कर रही 16 महिलाओं को शांति भंग की आशंका के चलते गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की महिलाएं आने-जाने वाले लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर आपस में विवाद कर रही थीं। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज हुई और मामला मारपीट तक पहुंचने की आशंका बन गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और विवाद के कारण माहौल बिगाड़ने की आशंका वाले मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर और पुलिस उपाधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण तथा कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग और सुरक्षा व्यवस्था में तैनात थी।
इसी दौरान महिला उपनिरीक्षक निशा सिंह ने पुलिस टीम के साथ शिवमूर्ति चौक से रेलवे गेट की ओर चेकिंग करते हुए रेलवे गेट नंबर-5 के सामने महिलाओं के दो पक्षों को आपस में गाली-गलौज करते हुए देखा। पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने और शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए दोनों पक्षों की आठ-आठ, कुल 16 महिलाओं के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126, 135 और 170 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी एवं कर्मचारी
प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नंदकिशोर ग्वाड़ी, उपनिरीक्षक निशा सिंह, महिला कांस्टेबल शोभा, मुन्नी राणा, पूनम सोरियाल और पुष्पा सहित कांस्टेबल अमित भट्ट, हरीश रतूड़ी, हसलवीर और अजय पंवार शामिल रहे।



