
हरि न्यूज
हरिद्वार। वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता प.कपिल शर्मा जौनसारी ने बताया कि समाज कल्याण विभाग से मिलने वाली छात्रवृत्ति का लाभ कई छात्र-छात्राओं को वर्ष 2023 से अब तक नहीं मिल पाने के कारण आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छात्रवृत्ति पर निर्भर विद्यार्थियों का कहना है कि आवेदन और आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बावजूद लंबे समय से छात्रवृत्ति का भुगतान नहीं हुआ है।
सामाजिक कार्यकर्ता पं.कपिल शर्मा जौनसारी ने कहा कि छात्रवृत्ति विद्यार्थियों के लिए केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि उनकी शिक्षा को जारी रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। यदि पात्र विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति वर्षों से लंबित है तो इसकी जिम्मेदारी तय करते हुए समस्या का शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि समाज कल्याण विभाग को जिलेवार और संस्थानवार लंबित छात्रवृत्ति की स्थिति सार्वजनिक करनी चाहिए तथा यह स्पष्ट करना चाहिए कि वर्ष 2023 से अब तक कितने विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति लंबित है, कितने आवेदन स्वीकृत हुए और किन कारणों से भुगतान नहीं हो पाया।
उन्होंने जिलाधिकारी हरिद्वार एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों से मांग की कि लंबित छात्रवृत्ति प्रकरणों की तत्काल समीक्षा कर पात्र विद्यार्थियों को उनका भुगतान कराया जाए तथा भविष्य में छात्रवृत्ति वितरण में अनावश्यक देरी न हो।
