
त्वरित कार्यवाही और मैनुअल पुलिसिंग से मिली सफलता,परिजनों ने पुलिस का जताया आभार
हरि न्यूज
हरिद्वार। कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घर से बिना बताए गईं तीन नाबालिग बालिकाओं को चंद घंटों के भीतर सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की त्वरित कार्यवाही की परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार जताया।
मिली जानकारी के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को चौकी रेल, कोतवाली ज्वालापुर में अम्बेडकर नगर निवासी एक व्यक्ति ने सूचना दी कि उसकी 17 वर्षीय बहन तथा उसकी दो सहेलियां, जिनकी उम्र 16-16 वर्ष है, रात करीब 8 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई हैं। काफी तलाश करने के बावजूद तीनों का पता नहीं चल सका।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए ज्वालापुर पुलिस ने तत्काल कार्यवाही शुरू की। प्राप्त तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0 643/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।
तीन नाबालिग बालिकाओं के एक साथ लापता होने की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल उनकी सकुशल बरामदगी के लिए प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निर्देशों के क्रम में पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ-साथ डीसीआरबी एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से बालिकाओं के संबंध में सूचना प्रसारित की गई। पुलिस टीमों ने मैनुअल पुलिसिंग के साथ सर्विलांस की मदद से संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की।
पुलिस की लगातार कार्रवाई के परिणामस्वरूप 12 सितंबर 2026 को तीनों नाबालिग बालिकाओं को प्रेम नगर आश्रम घाट के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों बालिकाओं को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
तीनों नाबालिगों की चंद घंटों में सकुशल बरामदगी से परिजनों ने राहत की सांस ली। परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने ज्वालापुर पुलिस की तत्परता और प्रभावी कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए पुलिस टीम का आभार जताया।
पुलिस टीम में
– उप निरीक्षक विपिन कुमार, प्रभारी चौकी रेल,हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार,कांस्टेबल नवीन छेत्री,कांस्टेबल राजेश बिष्ट, कांस्टेबल शीशपाल राणा,महिला कांस्टेबल प्रियंका तोमर शामिल रहे।
