
हरि न्यूज
हरिद्वार। राज्य मंत्री सुनील सैनी ने कहा कि धर्म रक्षक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सुरक्षित, विकसित और सशक्त राज्य के रूप में निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि उत्तराखंड की शांति, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक व्यवस्था को सुरक्षित रखने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
राज्य मंत्री सुनील सैनी ने रुद्रपुर में एक मुस्लिम धर्मगुरु द्वारा कथित रूप से देवभूमि उत्तराखंड का माहौल खराब करने तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को धमकी दिए जाने की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की शांति और सौहार्द के विरुद्ध किसी भी प्रकार की साजिश अथवा भड़काऊ बयानबाजी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने अथवा भड़काऊ वक्तव्यों के माध्यम से प्रदेश का माहौल खराब करने का प्रयास करने वाले लोगों के विरुद्ध कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। देवभूमि की शांति, एकता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
सुनील सैनी ने कहा कि उत्तराखंड में डेमोग्राफी में बदलाव के मुद्दे पर अब चुप रहने का समय समाप्त हो चुका है। राज्य की सांस्कृतिक पहचान, देवभूमि के मूल स्वरूप और सामाजिक ताने-बाने की रक्षा के लिए सरकार दृढ़ता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में अब तक लगभग 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा चुका है तथा यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
राज्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व वाली सरकार ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और मूल स्वरूप को सुरक्षित रखने के लिए कई महत्वपूर्ण एवं कड़े कानून तथा नीतियां लागू की हैं। इनमें कड़ा भू-कानून, समान नागरिक संहिता (यूसीसी) तथा सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णय शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य विकास के साथ-साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान की रक्षा करना है। राज्य सरकार कानून व्यवस्था, जनसुरक्षा और प्रदेश की शांति बनाए रखने के लिए पूरी गंभीरता और दृढ़ता के साथ कार्य कर रही है।
