
*बिना अनुमति गांव-देहात में लगाए जा रहे थे रक्तदान शिविर, अन्य राज्यों में ऊंचे दामों पर रक्त बेचने का आरोप—पांच आरोपी गिरफ्तार
*ब्लड कलेक्शन उपकरण, 27 खाली ब्लड बैग, चार डोनर चेयर और दो वाहन बरामद; ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
हरि न्यूज
हरिद्वार। रक्तदान जैसे पवित्र कार्य की आड़ में कथित रूप से अवैध गतिविधियों को अंजाम देने वाले एक गिरोह का लक्सर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने बिना अनुमति गांव-देहात में ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित कर रक्त एकत्रित करने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 27 यूनिट रक्त, 27 खाली ब्लड बैग, रक्त संग्रह एवं जांच से संबंधित उपकरण, चार डोनर चेयर, दस्तावेज और दो वाहन बरामद किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 16 अगस्त 2026 को लक्सर पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग गांव-देहात के क्षेत्रों में बिना आवश्यक अनुमति ब्लड डोनेशन कैंप लगाकर लोगों से रक्त एकत्रित कर रहे हैं। आरोप है कि एकत्रित रक्त को निर्धारित प्रक्रिया के तहत ब्लड बैंक तक पहुंचाने के बजाय अन्य राज्यों में ऊंचे दामों पर बेचने का प्रयास किया जा रहा था।
सूचना मिलते ही चौकी सुल्तानपुर प्रभारी उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह नेगी ने क्षेत्र में तलाश शुरू की और चौकी भिक्कमपुर प्रभारी उपनिरीक्षक यशवीर सिंह नेगी को भी जानकारी दी। पुलिस टीम ने अलावलपुर तिराहे पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली।
पुलिस के मुताबिक स्विफ्ट कार संख्या UK-08-BL-3257 की डिग्गी से एक आइस बॉक्स बरामद हुआ, जिसमें 27 यूनिट रक्त और 27 खाली ब्लड बैग रखे हुए थे। इसके अलावा ब्लड यूनिट की जांच, माप और रक्त संग्रह से संबंधित उपकरण भी मिले।
वहीं स्कॉर्पियो एन कार संख्या UP-20-CD-8085 की तलाशी में चार डोनर चेयर, डोनर फॉर्म बुक, वेट मशीन, अमृत चैरिटेबल ब्लड सेंटर के 28 प्रमाणपत्र, स्लाइड तथा हाथ बांधने वाली चार बेल्ट बरामद हुईं।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित कर कथित रूप से बिना आवश्यक अनुमति के शिविर आयोजित करते थे। पुलिस मामले में रक्त के स्रोत, संग्रह, परिवहन और कथित बिक्री से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
मामले में कोतवाली लक्सर में मुकदमा अपराध संख्या 829/2026 के तहत धारा 18(सी), 27 ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट एवं धारा 316(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी
1. अनित सैनी, निवासी फतवा, थाना लक्सर, हरिद्वार।
2. शुभम कुमार, निवासी माड़ा बेला, थाना खानपुर, हरिद्वार।
3. दुष्यन्त कुमार, निवासी सुरेन्द्र नगर कॉलोनी, आवास विकास, बिजनौर।
4. कावेन्द्र कुमार, निवासी हरतला, थाना सिविल लाइन, मुरादाबाद।
5. दया सिंह, निवासी ईसमपुर ढाणा, थाना गीनौर, जनपद सम्भल।
बरामदगी
पुलिस ने 27 यूनिट रक्त, 27 खाली ब्लड बैग, बीपी मशीन, एचबी मशीन, ब्लड ग्रुप जांच सामग्री, डोनर फॉर्म बुक, 28 प्रमाणपत्र, स्लाइड का डिब्बा, चार हाथ बांधने वाली बेल्ट, वेट मशीन, चार ब्लड डोनर चेयर, ब्लड यूनिट मापने वाली मशीन तथा स्विफ्ट और स्कॉर्पियो एन वाहन बरामद किए हैं।
कार्यवाही करने वाली पुलिस टीम
कार्यवाही में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, व0उ0नि0 नितिन चौहान, उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह नेगी, उपनिरीक्षक यशवीर सिंह नेगी सहित कांस्टेबल किशोर नेगी, जगत सिंह, राजेन्द्र बिष्ट, अरविन्द चौहान, ध्वजवीर सिंह और दिगम्बर सिंह शामिल रहे।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है। इसकी आड़ में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
