
*प्रेमनगर आश्रम में हुआ बड़ा खाना, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी, ट्रैफिक वालंटियर्स और एसपीओ सम्मानित *एसएसपी नवनीत सिंह ने पेश की मेले की रिपोर्ट, तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजा सभागार; पुलिस फोर्स को तीन दिन के पारितोषिक अवकाश की घोषणा

हरि न्यूज
हरिद्वार। श्रावण कांवड़ मेला-2026 के सकुशल एवं शांतिपूर्ण समापन के बाद पुलिस-प्रशासन ने मेले की सफलता का जश्न मनाते हुए ड्यूटी में जुटे पुलिसकर्मियों एवं सहयोगी टीमों का उत्साहवर्धन किया। मंगलवार शाम प्रेमनगर आश्रम स्थित सभागार में पुलिस प्रशासन की ओर से बड़े खाने एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पुलिस मुख्यालय एवं रेंज स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, पैरामिलिट्री फोर्स, ट्रैफिक वालंटियर्स, एसपीओ, गणमान्य नागरिक और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने मुख्य अतिथि एडीजी लॉ एंड ऑर्डर डॉ. वी. मुरुगेशन सहित आईजी एसटीएफ निलेश आनंद भरणे, आईजी कुंभ योगेंद्र सिंह रावत, आईजी रेंज राजीव स्वरूप, डीआईजी लॉ एंड ऑर्डर धीरेंद्र गुंज्याल तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों एवं पैरामिलिट्री फोर्स के अधिकारियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

एसएसपी की रिपोर्ट पर गूंजा सभागार
कार्यक्रम की शुरुआत एसएसपी नवनीत सिंह द्वारा कांवड़ मेला-2026 के दौरान की गई सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के साथ हुई। एसएसपी ने मेले के दौरान पुलिस बल की तैनाती, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था तथा विभिन्न स्तरों पर किए गए प्रयासों की जानकारी दी। रिपोर्ट के दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। तालियों की आवाज कांवड़ मेले की सफलता के लिए पुलिस एवं प्रशासन की मेहनत और समर्पण की गवाही देती नजर आई।
*सम्मानित होने वाले व्यक्तित्व

ट्रेनी रिक्रूट्स की पहली ड्यूटी को मिली सराहना
पुलिस मुख्यालय एवं रेंज से पहुंचे वरिष्ठ अधिकारियों ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं एसएसपी नवनीत सिंह को कांवड़ मेले के सफल आयोजन की बधाई दी। अधिकारियों ने विशेष रूप से पहली बार विभागीय ड्यूटी पर उतरे ट्रेनी रिक्रूट्स के प्रदर्शन की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि प्रशिक्षु रिक्रूट्स ने अपनी पहली बड़ी ड्यूटी में अनुशासन, जिम्मेदारी और मेहनत का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया।
ट्रैफिक वालंटियर्स और एसपीओ भी हुए सम्मानित

कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में योगदान देने वाले ट्रैफिक वालंटियर्स एवं एसपीओ के कार्य की भी अधिकारियों ने प्रशंसा की। लाखों शिवभक्तों की आवाजाही के बीच यातायात व्यवस्था को नियंत्रित रखने और श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने में इनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मान, तीन दिन का पारितोषिक अवकाश

इसके बाद एडीजी लॉ एंड ऑर्डर डॉ. वी. मुरुगेशन ने कांवड़ मेले के दौरान सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों, ट्रैफिक वालंटियर्स तथा एसपीओ को सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने समस्त फोर्स को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए उनकी कर्तव्यनिष्ठा, मेहनत एवं समर्पण की सराहना की।
इस अवसर पर समस्त पुलिस फोर्स के लिए तीन दिन के पारितोषिक अवकाश की घोषणा भी की गई। घोषणा होते ही पुलिसकर्मियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
टीम वर्क से सफल हुआ विशाल आयोजन

वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ मेला जैसे विशाल धार्मिक आयोजन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना पुलिस-प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होता है। हरिद्वार पुलिस एवं जिला प्रशासन ने आपसी समन्वय, मजबूत सुरक्षा व्यवस्था और प्रभावी यातायात प्रबंधन के जरिए इस चुनौती का सफलतापूर्वक सामना किया।

समारोह के अंत में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस जवानों, पैरामिलिट्री फोर्स के अधिकारियों एवं जवानों, ट्रैफिक वालंटियर्स, एसपीओ, गणमान्य नागरिकों तथा मीडिया प्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से आयोजित बड़े खाने में स्वादिष्ट भोजन का आनंद लिया। कार्यक्रम ने कांवड़ मेला ड्यूटी में जुटे सभी कर्मियों के बीच उत्साह, आपसी समन्वय और टीम भावना को और मजबूत किया।
