
*एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर हरकी पैड़ी से चंडी चौक सहित मेला क्षेत्र के चप्पे चप्पे की सुरक्षा व्यवस्थाओं का ले रहे जायजा,अधीनस्थ अधिकारियों को दे रहे आवश्यक दिशा-निर्देश
हरि न्यूज/प्रमोद गिरि
हरिद्वार। भारी बारिश के बीच सावन कांवड़ मेला यात्रा के अंतिम चरण में शिवभक्त कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए हरिद्वार पुलिस सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तरह अलर्ट नजर आ रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर स्वयं मेला क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं की कमान संभाल रहे हैं।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर अपने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र के चप्पे-चप्पे का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। उनका विशेष जोर इस बात पर है कि भारी बारिश और बढ़ते भीड़ के दबाव के बावजूद शिवभक्त कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े तथा वे सुरक्षित एवं सुगम तरीके से अपने गंतव्य की ओर रवाना हो सकें।
चंडी चौक पर कांवड़ियों की भीड़ का दबाव बढ़ने पर एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने भीड़ को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की मौजूदगी बनाए रखने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने हरकी पैड़ी, चंडी चौक, शंकराचार्य चौक सहित मेला क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान वह अधीनस्थ अधिकारियों के साथ मौके पर व्यवस्थाओं की निगरानी करते और शिवभक्त कांवड़ियों को उनके गंतव्य की ओर रवाना कराते नजर आए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ मेला अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है, ऐसे में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। बारिश के कारण उत्पन्न होने वाली संभावित परिस्थितियों को देखते हुए पुलिसकर्मियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस प्रशासन का प्रयास है कि कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में हरिद्वार पहुंचने वाले शिवभक्तों को सुरक्षित वातावरण मिले और उन्हें आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। एसएसपी की लगातार मौके पर मौजूदगी और अधिकारियों के साथ समन्वय से पुलिस बल भी पूरी मुस्तैदी के साथ कांवड़ मेला व्यवस्था में जुटा हुआ है।
कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में भारी बारिश के बावजूद हरिद्वार में शिवभक्तों की आस्था और उत्साह बना हुआ है। ऐसे में पुलिस प्रशासन सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर लगातार सक्रिय नजर आ रहा है।
