
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने डाक कांवड़ियों से संवाद कर राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं गाइडलाइन का पालन करने की गई अपील
डाक कांवड़ वाहनों के आवागमन मार्ग तथा बैरागी कैंप पार्किंग स्थल के एंट्री एवं निकासी मार्ग का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
हरि न्यूज
हरिद्वार, 07 अगस्त। सावन कांवड़ मेला यात्रा की डाक कांवड़ को सकुशल सुव्यवस्थित सम्पन्न कराने में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा का जायजा लेने देर रात्रि बैरागी कैंप पार्किंग स्थल जीरो ग्राउंड पहुंचे ओर बैरागी कैम्प क्षेत्र का घूम घूम कर जायजा लिया।दोनों आला अफसरों ने पार्किंग स्थल का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने डाक कांवड़ वाहनों के आने-जाने वाले मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बैरागी कैंप पार्किंग स्थल में वाहनों की एंट्री एवं निकासी व्यवस्था का बारीकी से जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वाहनों का आवागमन पूरी तरह व्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संचालित किया जाए। किसी भी स्थिति में जाम अथवा अव्यवस्था उत्पन्न न होने पाए तथा पार्किंग स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल, यातायात कर्मियों एवं आवश्यक दिशा-सूचक संकेतकों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने डाक कांवड़ियों से संवाद की व्यवस्थाओं की जानकारी को तथा उन्होंने पार्किंग स्थल पर डाक कांवड़ियों के ठहराव, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं निरंतर प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि डाक कांवड़ के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ की गई हैं। संपूर्ण यात्रा मार्ग एवं पार्किंग क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए ड्रोन कैमरों एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। साथ ही पर्याप्त पुलिस एवं सुरक्षा बलों की तैनाती कर दिन-रात मॉनिटरिंग सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति पर तत्काल कार्रवाई की जा सके और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। इस दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने डाक कांवड़ियों से संवाद करते हुए राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं गाइडलाइन का पालन करने की अपील की। उन्होंने श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखने, निर्धारित मार्गों का उपयोग करने तथा प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करने का आग्रह किया, जिससे यात्रा सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि डाक कांवड़ के बढ़ते आवागमन को देखते हुए प्रत्येक व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग पूर्ण समन्वय एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करे। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी एवं पुलिस के अधिकारी मौजूद रहें।
