
हरि न्यूज
बिजनौर। संत शिरोमणि रविदास जी की पावन कलश यात्रा रथ के साथ बिजनौर जनपद की सीमा में प्रवेश करने पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया। जिले में प्रवेश के अवसर पर स्वागत कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अभियान संयोजक बलराज त्यागी ने किया।
कलश यात्रा के दौरान सहसंयोजक तिलक राज सैनी तथा कलश यात्रा संयोजक फूल सिंह, जो इस पावन कलश यात्रा को वाराणसी से लेकर बिजनौर पहुंचे, का भी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने संत शिरोमणि रविदास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा जयघोष के साथ यात्रा का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में उपस्थित कार्यक्रम के संयोजक बलराज त्यागी ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास जी ने अपने जीवन के माध्यम से समता, सामाजिक समरसता, मानवता और सद्भाव का संदेश दिया। उनके आदर्श आज भी समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं। कलश यात्रा का उद्देश्य संत रविदास जी के विचारों और संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना है।

इस स्वागत कार्यक्रम में जिला महामंत्री बलराज त्यागी, भाजपा पिछड़ा मोर्चा सोशल मीडिया के जिला प्रमुख रितेश सैन, जिला महामंत्री नरेश भाटी, लीना सिंघल, पुष्पेंद्र चौहान, इंजीनियर कविश राणा सहित नूरपुर क्षेत्र के सभी मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
