
हरि न्यूज
हरिद्वार। जिला महानगर कांग्रेस कमेटी हरिद्वार के नेतृत्व में शनिवार को स्मार्ट मीटर लगाए जाने तथा विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और आम नागरिकों पर दर्ज किए गए मुकदमों के विरोध में रानीपुर कोतवाली का घेराव किया गया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर मामले में निष्पक्ष कार्रवाई और दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की।
घेराव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता महेश प्रताप राणा ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर और बिजली से जुड़े मुद्दों पर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों पर गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज कर उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जनहित के मुद्दों को उठाती रहेगी।
पूर्व राज्यमंत्री डॉ. संजय पालीवाल तथा स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि स्मार्ट मीटर योजना से आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने की आशंका है। उन्होंने सरकार पर निजीकरण को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर जनआंदोलन जारी रखेगी।
पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष संतोष चौहान और युवा नेता वरुण बालियान ने कहा कि यदि उपभोक्ताओं पर स्मार्ट मीटर लगाने के लिए किसी प्रकार का दबाव बनाया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से जनता की भावनाओं का सम्मान करने की अपील की।
वरिष्ठ नेता राजबीर सिंह तथा पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रदीप चौधरी ने कहा कि कांग्रेस का “स्मार्ट मीटर हटाओ अभियान” आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि बिजली विभाग और प्रशासन ने जनभावनाओं की अनदेखी की तो कांग्रेस बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
वरिष्ठ नेता एम.एस. त्यागी तथा एससी कांग्रेस जिलाध्यक्ष तीर्थपाल रवि ने भी भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि जनता अपने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
घेराव कार्यक्रम में महिला कांग्रेस महानगर अध्यक्ष लता जोशी, पूर्व जिलाध्यक्ष महिला कांग्रेस विमला पाण्डेय, ग्रेस कश्यप, शेखर पंवार, मनीराम बागड़ी, अरुण चौहान, सी.पी. सिंह, एल.एस. रावत, सतेंद्र वर्मा, राजेंद्र श्रीवास्तव, एम.डी. शर्मा, विकास सिंह, सुरेंद्र ठाकुर, नरेश शर्मा, मनोज धनगर, तेलूराम प्रधान, राव अफाक अली, मेहरबान अली, अजय गिरी, हिमांशु गुप्ता, सोहित सेठी, इदरीस मंसूरी, सुहैल कुरेशी, हिमांशु राजपूत, सुनील कुमार प्रजापति, प्रतीक गुप्ता, अयान सैफी, मुरसलीन अहमद, जावेद खान, अज्जू खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
