
*पत्नी की बीमारी से परेशान पति ने रचि खौफनाक साज़िश,जहर देकर उतारा मौत के घाट
हरि न्यूज
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने पत्नी की कथित रूप से जहर देकर हत्या करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार, 4 फरवरी 2026 को मोहम्मद अनीश पुत्र नियाज निवासी ग्राम मरगूबपुर, कोतवाली बहादराबाद ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी बहन को उसके पति अफजाल ने इलाज के बहाने पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली बहादराबाद में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना प्रभारी निरीक्षक द्वारा स्वयं की गई। घटनास्थल से भौतिक साक्ष्य एकत्र किए गए तथा पोस्टमार्टम के बाद बिसरा परीक्षण के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, एफएसएल रिपोर्ट में मृतका की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से होने की पुष्टि हुई। वैज्ञानिक साक्ष्यों एवं विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी पति अफजाल की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज किए गए।
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी क्षेत्र छोड़कर फरार होने की फिराक में है। इस पर कार्रवाई करते हुए 27 जून 2026 को बहादराबाद पुलिस ने बढ़ेड़ी राजपूतान हाईवे पुल, शांतर्शाह क्षेत्र से आरोपी अफजाल पुत्र मुस्लिम निवासी मिर्जापुर मुस्तफाबाद, कोतवाली बहादराबाद, जनपद हरिद्वार (उम्र 38 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी की बीमारी से परेशान था, जिसके चलते उसने उसे जहरीला पदार्थ देकर मारने की योजना बनाई। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह, उपनिरीक्षक करम सिंह, कांस्टेबल अरुण चमोली तथा कांस्टेबल विकास थापा शामिल रहे।
