
*गंगा स्नान, संत सेवा और ईश्वर आराधना से मनुष्य के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है:महामंडलेश्वर रामानुज सरस्वती
हरि न्यूज
हरिद्वार। तीर्थ नगरी हरिद्वार की प्रख्यात धार्मिक संस्था श्री आनंद वन समाधि में पुरुषोत्तम मास ज्येष्ठ पूर्णिमा के पावन अवसर पर भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी 1008 रामानुज सरस्वती महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ।
इस दौरान श्रद्धालुओं ने प्रातःकाल पवित्र गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर गंगा स्नान किया तथा तत्पश्चात श्री गुरूदेव महाराज का विधिवत पूजन-अर्चन किया। कार्यक्रम में साधु-संतों को श्रद्धापूर्वक भंडारा एवं दक्षिणा प्रदान की गई। साथ ही उपस्थित सभी श्रद्धालुओं एवं उनके परिवारों की सुख-समृद्धि के लिए विशेष पूजा-अर्चना कर मंगलकामनाएं की गईं।

इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी 1008 रामानुज सरस्वती महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि पूर्णिमा का यह पावन पर्व आत्मशुद्धि, भक्ति और सेवा का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि गंगा स्नान, संत सेवा और ईश्वर आराधना से मनुष्य के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए कहा—“आप सभी स्वस्थ रहें, धन-धान्य से परिपूर्ण रहें और सदैव प्रसन्न रहें, शिवोम।”
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, साधु-संतों एवं क्षेत्रीय लोगों की सहभागिता रही, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
