
हरि न्यूज
हरिद्वार। भाजपा लक्सर नगर महिला मोर्चा की नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष रेणू शर्मा ने महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष डॉ. प्रीति गुप्ता से शिष्टाचार भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में जिलाध्यक्ष डॉ. प्रीति गुप्ता ने कहा कि महिला मोर्चा संगठन की रीढ़ है और इसकी सक्रियता से पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने में मदद मिलती है। उन्होंने नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा जताई कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगी।
वहीं लक्सर नगर भाजपा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष रेणू शर्मा ने विश्वास दिलाया कि महिला मोर्चा को नगर क्षेत्र में और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को महिलाओं तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
इस अवसर पर संगठन विस्तार, महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रमों एवं बूथ स्तर पर महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
