
हरि न्यूज
हरिद्वार।उत्तरी हरिद्वार के बिरला फार्म में बुधवार को क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा और तकनीकी प्रशिक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए श्रीराम स्किल एंड लर्निंग इंस्टीट्यूट का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए मेहनत, अनुशासन और आधुनिक शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।

मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि आज के समय में तकनीकी शिक्षा और स्किल डेवलपमेंट युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
संस्थान के संस्थापक राकेश कुमार ठाकुर एवं संचालक आशीष ठाकुर ने बताया कि उत्तरी हरिद्वार क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण संस्थानों के लिए दूर रानीपुर मोड़ सहित अन्य क्षेत्रों में जाना पड़ता था, जिससे समय और संसाधनों की कठिनाई होती थी। अब क्षेत्र में ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त संस्थान खुलने से विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी।

संस्थान में प्रोग्रामिंग एंड कोडिंग, सॉफ्ट स्किल एंड पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, डिजिटल डिजाइन एंड मल्टीमीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्रिप्टोकरेंसी एंड ब्लॉकचेन, कंप्यूटर कोर्स, एकेडमिक कोचिंग, प्रैक्टिकल लर्निंग एवं सर्टिफिकेशन कोर्स जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
ग्राम प्रधान सविता शर्मा ने कहा कि संस्थान में कक्षा 1 से 12वीं तक सभी बोर्ड के विद्यार्थियों के लिए कोचिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल ने कहा कि यह संस्थान क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक तकनीक और कंप्यूटर शिक्षा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वहीं ग्राम पंचायत सदस्य प्रीति बहुखंडी ने कहा कि क्षेत्र में इस प्रकार के आधुनिक शिक्षण संस्थान खुलने से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर अवसर मिलेंगे और उन्हें भविष्य में रोजगारपरक शिक्षा प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में भाजपा नेता राजीव भट्ट, मनोज महंत,क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मी जुगरान,सुनील जुगरान, ग्राम पंचायत सदस्य प्रीति बहुखंडी, पार्षद प्रतिनिधि विदित शर्मा, रविंद्र ठाकुर, राजेश ठाकुर, ललित शर्मा, पूर्व पार्षद विनोद मिश्रा, पंकज शर्मा,तुषार कपिल, भूमेश शर्मा,अमित शर्मा, प्रमोद कुमार,प्रमोद गिरि,श्रवण अरोड़ा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

