
हरि न्यूज
हरिद्वार।जनपद हरिद्वार के बुग्गावाला क्षेत्र अंतर्गत ज्वालापुर विधानसभा के ग्राम बंजारेवाला में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना घटी है। नदी के पास खेल रहे 12 वर्षीय मासूम राजा (पुत्र प्रमोद) को एक खूंखार मगरमच्छ ने अपना निवाला बना लिया। घटना के बाद शव मिलने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है।
घटना की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष महंत शुभम गिरी, प्रदेश पिछड़ा प्रकोष्ठ अध्यक्ष महिपाल सिंह, वरिष्ठ नेता हरगोविंद जोशी, खेम सिंह, राजपाल,रविंद्र,सोनम एवं श्री रवि ने तत्काल पीड़ित परिवार से मुलाकात की।महंत शुभम गिरी ने मौके से ही शासन-प्रशासन के अधिकारियों को फोन कर अपनी नाराजगी जाहिर की और स्पष्ट चेतावनी दी कि इस मामले में लीपापोती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समाजवादी पार्टी की प्रमुख मांगें
पीड़ित परिवार को तत्काल ₹50 लाख का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।

क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन के कारण नदियों का मार्ग बदल गया है और गहरे गड्ढे बन गए हैं, जो मगरमच्छों के छिपने का अड्डा बन गए हैं। इस माफिया-प्रशासनिक गठजोड़ की जांच हो।
पूर्व में शिकायतों के बावजूद वन विभाग ने मगरमच्छों को सुरक्षित स्थानों पर विस्थापित क्यों नहीं किया? दोषी अधिकारियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज हो।
नदी के किनारे बसे गांवों में फेंसिंग और सुरक्षा चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं ताकि भविष्य में कोई ‘राजा’ प्रशासन की लापरवाही की भेंट न चढ़े।
यह घटना सिद्ध करती है कि भाजपा सरकार केवल विज्ञापनों में ‘नंबर वन’ है, जबकि सुरक्षा के मोर्चे पर ‘शून्य’ है। हरिद्वार जैसे महत्वपूर्ण जनपद में, जहाँ वन विभाग को हाई-अलर्ट पर होना चाहिए, वहाँ वन्यजीवों का इंसानी बस्तियों में इस तरह का तांडव प्रशासन की विफलता की पराकाष्ठा है।
समाजवादी पार्टी के नेताओं ने साफ कर दिया है कि यह केवल एक हादसा नहीं बल्कि सरकार की अपराधिक लापरवाही है। यदि प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से मगरमच्छों को पकड़ने और अवैध खनन के गड्ढों को भरने का काम शुरू नहीं किया, तो समाजवादी सेना सड़कों पर उतरकर सरकार की ईंट से ईंट बजा देगी।
