
हरि न्यूज
हरिद्वार। शहर के मुख्य बस अड्डे पर व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता कपिल शर्मा जौनसारी ने सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के बावजूद बस अड्डे पर लगे अधिकांश पंखे बंद पड़े हैं और केवल पंखे के डंडे लटकते नजर आ रहे हैं, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की राहत नहीं मिल पा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रतिदिन हजारों यात्री इस बस अड्डे से आवागमन करते हैं, जिनमें बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल हैं। ऐसी स्थिति में मूलभूत सुविधाओं का अभाव बेहद चिंताजनक है। जौनसारी ने यह भी बताया कि कई बार स्थानीय लोगों और यात्रियों द्वारा शिकायतें दर्ज कराई गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जो प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है।
पं कपिल शर्मा जौनसारी ने हरिद्वार नेताओं पर भी आरोप लगाया की धर्मनगरी हरिद्वार जिले से दो कैबिनेट मंत्री होने के बावजूद भी हरिद्वार की यह स्थिति है जो की दुर्भाग्यपूर्ण है
पं कपिल शर्मा जौनसारी ने मांग की है कि संबंधित विभाग तुरंत संज्ञान ले और बंद पड़े पंखों को ठीक कराए और बस अड्डे पर पेयजल, स्वच्छता व बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो जनहित में आंदोलन किया जाएगा।
